नशे में पति ने सिलबट्टे से पत्नी की हत्या, फरार
गौरी दायमपुर गांव में पति ने शराब के नशे में पत्नी पर सिलबट्टे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। विवाद के बाद आरोपी फरार हो गया। पत्नी मोनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

बेहंदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में शुक्रवार शाम घरेलू विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शराब के नशे में पति ने सिलबट्टे से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरी दायमपुर निवासी कुंज बिहारी का शुक्रवार शाम करीब सात बजे 35 वर्षीय अपनी पत्नी मोनी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुंज बिहारी ने सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार किए। इससे मोनी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कुंज बिहारी शराब पीने का आदी है। आएदिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। दंपति के एक बच्चा है। उसे घर में होने वाले झगड़ों से परेशान होकर परिजन पहले ही अपने साथ दिल्ली ले गए थे।सूचना पर प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।


