जेल गई ननद के गबन की रकम भरने को मांगे 5 लाख, मासूम बेटी भी छीनी
बांदा में एक विवाहिता को ससुराल पक्ष ने गबन के मामले की रकम चुकाने के लिए 5 लाख रुपए लाने का दबाव बनाया। मां से पैसे मांगने में असमर्थता जताने पर पति, जेठ और ननद ने उसके साथ मारपीट की, उसकी बेटी और जेवर लेकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। महिला थाना में मामला दर्ज किया गया है।

बांदा। गबन के मामले में जेल गई ननद के गबन की रकम चुकाने के लिए ससुराल वालों ने विवाहिता पर मायके से पांच लाख रुपये अतिरिक्त लाने का दबाव बनाया। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया और उसकी मासूम बेटी व सारे जेवर भी छीन लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति, जेठ और दो ननदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली नगर अंतर्गत शहर के क्योटरा निवासी अपनी मां के साथ रह रही प्रियांशी मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 9 फरवरी 2022 को हरदोई जिले के थाना व कस्बा हरियावां निवासी आदर्श शुक्ला के साथ हुआ था।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे कम दहेज के लिए पति आदर्श शुक्ला, जेठ चंदन शुक्ला और ननदें आरती व पूजा ताना मारने लगे। इस बीच उसने एक पुत्री को जन्म दिया, जो अब करीब पौने तीन साल की है। उसकी ननद आरती शुक्ला किसी गबन के मामले में जेल चली गई। इसके बाद पति, जेठ और ननद पूजा ने एकराय होकर कहा कि गबन की धनराशि अदा करने के लिए अपनी मां से 5 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लेकर आओ, अन्यथा इस घर में नहीं रहने दिया जाएगा। जब उसने असमर्थता जताते हुए कहा कि उसकी मां एक अल्पवेतनभोगी कर्मचारी हैं और इतनी बड़ी रकम नहीं दे सकतीं, तो ससुराल वाले भड़क गए। सभी ने एकराय होकर गाली-गलौज की और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए उसकी बेटी व सारे सोने-चांदी के जेवरात छीन लिए। इसके बाद उसे सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया और पति उसे उसकी मौसी के घर के बाहर छोड़ गया। आरोप यह भी है कि पति अब दूसरी जगह शादी करने की फिराक में है। महिला थाना प्रभारी मोनी निषाद ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पति आदर्श शुक्ला, जेठ चंदन शुक्ला, ननद आरती शुक्ला और पूजा शुक्ला के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।

