पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
दहेज न मिलने पर ससुरालियों ने बनाई विवाहिता को जलाकर मारने की योजनापति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

पूरनपुर संवाददाता दहेज में तीन लाख रुपए न देने पर ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर घर से भागने का प्रयास किया। विवाहिता को जलाकर मारने की योजना बनाई गई। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर मायके चली गई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।थाना सेहरामऊ क्षेत्र के गांव दौलतपुर की रहने वाली क्रांति देवी की शादी आदेश कुमार निवासी मोहल्ला वगुलशेर खां पीलीभीत के साथ हुई थी। आरोप है शादी के बाद ससुराल वालों ने विवाहिता के मायके पक्ष से पहले चालीस हजार और फिर जरूरत पड़ने पर पचास हजार रुपए लिए।
कुछ दिन बाद उनसे तीन लाख रुपए की और मांग कर दी। मायके पक्ष ने रुपए देने से मना कर दिया। आरोप है पर ससुराल वालों ने विवाहिता क्रांति के साथ मारपीट की और उसे घर से भगाने का प्रयास किया। विवाहिता ने ससुराल से जाने से इनकार कर दिया। आरोप है इस पर ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर उसे जलाकर मारने की योजना बनाई। विवाहिता को उनकी योजना की भनक लग गई। वह किसी तरह बचकर अपने मायके चली गई। तब से विवाहिता वहीं रहकर गुजर कर रही है। उसने कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पति आदेश कुमार, रामस्वरूप, हरिओम, लालाराम और प्रिंस के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


