कंट्रोल कमांड सेंटर से होगी डॉक्टरों की निगरानी
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता अस्पतालों की ओपीडी और आईपीडी में डॉक्टरों की कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, आईसीयू और इमरजेंसी में भी डाक्टरों की ड्यूटी सुनिश्चित करनी होगी। सभी सदर अस्पतालों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता अस्पतालों की ओपीडी और आईपीडी में डॉक्टरों की कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से निगरानी की जाएगी। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने इसका निर्देश दिया है। निर्देश में कहा गया है कि ओपीडी या आईपीडी में अनुपस्थित जो डॉक्टरों की रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी। सेंटर को निर्देश दिया गया है कि हर पाली में डॉक्टरों की ड्यूटी की रिपोर्ट तैयार करें और मुख्यालय भेजें।
डॉक्टरों की ड्यूटी
इसके अलावा, विभाग ने निर्देश दिया है कि आईसीयू और इमरजेंसी में भी डाक्टरों की सप्ताह के सभी दिन, 24 घंटे ड्यूटी लगाया जाना सुनिश्चित की जाए। इमरजेंसी में भी डॉक्टरों की कमांड सेंटर के माध्यम से निगरानी होगी। राज्य स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों में डॉक्टरों की ड्यूटी को नियमित करने के लिए लगातार निर्देश जारी कर रहा है। क्षेत्रीय उप निदेशक स्वास्थ्य डॉ. शंकर रजक का कहना है कि विभाग के निर्देशों का पालन किया जाएगा।
सुरक्षा बढ़ाना
सभी सदर अस्पतालों की बढ़ाई जाएगी सुरक्षा :
राज्य के सभी सदर अस्पतालों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि रेफरल नीति में बदलाव होने से अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ेगी। भीड़ बढ़ने से अस्पतालों में हंगामे की स्थिति बन सकती है। विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि तीनों शिफ्ट में अस्पतालों में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाए। इसके अलावा, अस्पतालों में वर्दीधारी गार्ड तैनात किए जाएं। सभी जिलों के सिविल सर्जन को अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टरों की पूरी सुरक्षा देने का निर्देश भी दिया गया है।


