डीएमसीएच में वर्षों से बेकार पड़े हैं 3 ऑक्सीजन प्लांट
उत्तर बिहार के डीएमसीएच में तीन पी एस ए ऑक्सीजन प्लांट वर्षों से ठप हैं। कोरोना महामारी के दौरान स्थापित किए गए ये प्लांट अब कार्यशील नहीं हैं और मरीजों को लाभ नहीं मिल रहा। अस्पताल प्रशासन ने दुरुस्ती के लिए एजेंसी को पत्र लिखा, लेकिन राशि की मांग अधिक होने के कारण काम नहीं हो रहा।

संजय लाला,दरभंगा। उत्तर बिहार के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान डीएमसीएच में तीन पी एस ए ऑक्सीजन प्लांट वर्षों से ठप पड़े हैं। कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की भरपूर आपूर्ति के लिए इमरजेंसी, शिशु रोग और गायनी विभाग परिसर में ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए थे। स्थापित किए जाने के बाद से ये प्लांट अपने उद्देश्य पर खरे नहीं उतरे। अस्पताल प्रशासन ने प्लांट को दुरुस्त करने के लिए एजेंसी को पत्र लिखा था। हालांकि इसके लिए एजेंसी की ओर से काफी अधिक राशि की मांग की। इसमें से 75 प्रतिशत राशि एडवांस मांगी गयी थी। तब से ये ऑक्सीजन प्लांट केवल परिसर की शोभा बढ़ा रहे हैं।
मरीजों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट चालू होने से बाहर से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगाए जाने पर होनेवाले खर्च में कमी आएगी। इसके साथ अस्पताल में ऑक्सीजन की आपूर्ति व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।


