डीएम ने छात्रों से संवाद कर जानी समस्याएं
मधेपुरा के डीएम अभिषेक रंजन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास 1 एवं 2 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने छात्रों को अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए सहयोग और सुरक्षा का आश्वासन दिया।

मधेपुरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। डीएम अभिषेक रंजन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास एक एवं कल्याण छात्रावास 2 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य छात्रावासों में आवासित छात्रों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का स्थल पर जायजा लेना और उनकी समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेना बताया गया। इस दौरान डीएम ने छात्रावास में रह रहे छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेन्यू के अनुपालन, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, रसोईघर, विद्युत व्यवस्था, पठन-पाठन कक्ष और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।डीएम ने छात्रों को नियमित एवं मनोयोगपूर्वक अध्ययन कर अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने छात्रावास अधीक्षक को निर्देशित किया कि छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इस बात का ध्यान रखेंगे। छात्रों की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने छात्रावास परिसर में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, निर्धारित मेन्यू के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि छात्रावास केवल आवास का स्थान नहीं, बल्कि छात्रों के शैक्षणिक विकास, अनुशासन एवं बेहतर भविष्य निर्माण का आधार है। ऐसे में छात्रावासों में सुरक्षित, स्वच्छ एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

