प्रसिद्ध लवकुश मेला में मेलार्थियों को मिले बेहतर सुविधाएं
प्रसिद्ध लवकुश मेला में मेलार्थियों को मिले बेहतर सुविधाएं प्रसिद्ध लवकुश मेला में मेलार्थियों को मिले बेहतर सुविधाएं प्रसिद्ध लवकुश मेला में मेलार्थि

ज्ञानपुर, संवाददाता। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम शैलेश कुमार प्रमुख धार्मिक स्थल सीतामढ़ी में लगने वाले प्रसिद्ध लवकुश मेला की तैयारी संबंधित बैठक अधिकारियों संग लिए। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता व विद्युत का बेहतर इंतजाम कराने को निर्देशित किए। चेताए कि इन कार्यों में किसी स्तर से लापरवाही की शिकायत मिली तो जांच कर सख्त कार्रवाई होना तय है। इस दौरान डीएम ने कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेला एवं लवकुश मेला 15 से 23 जुलाई तक चलेगा। लवकुश मेला जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है।
इसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा अन्य सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। एसडीएम ज्ञानपुर को मेला अधिकारी एवं सीओ ज्ञानपुर को सहायक मेला अधिकारी नामित किया गया। विद्युत विभाग को निर्देशित किए कि मेला क्षेत्र में जर्जर विद्युत तार एवं पोल तत्काल बदले जाएं तथा पूरे आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। सीएमओ को निर्देशित किए कि तीन पालियों में 24 घंटे चिकित्सकों की टीम, जरूरी दवाओं एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था बनी रहे। अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा से संबंधित समस्त व्यवस्था की जाए। लोक निर्माण विभाग को मेला क्षेत्र तक जाने वाले सभी मार्गों को तत्काल आवागमन योग्य बनाने तथा झूलों एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं की तकनीकी जांच एवं अनुमति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को सीसीटीवी कैमरे, घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर, पानी में बांस की बैरिकेडिंग, नाव एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था करने तथा नाविकों एवं गोताखोरों की सूची मोबाइल नंबर सहित संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता व्यवस्था के लिए अधिशासी अधिकारी गोपीगंज को पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती, तीन कूड़ा वाहनों, तीन मोबाइल शौचालयों एवं पांच पेयजल टैंकरों की व्यवस्था करने को निर्देशित कियाग या। डीपीआरओ एवं ग्राम प्रधान को निर्देशित किया गया कि घाटों पर नियमित सफाई व्यवस्था की जाए। खाद्य सुरक्षा विभाग को मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। जल निगम को मेला क्षेत्र एवं संपर्क मार्गों पर खराब हैंडपंपों का सर्वे कर उन्हें तत्काल ठीक कराने को निर्देशित किए। चेताए कि मेला ड्यूटी में किसी स्तर से लापरवाही की शिकायत मिली तो जांच कर सख्त कार्रवाई होना तय है। इस मौके पर एएसपी शुभम अग्रवाल, एडीएम शुभांगी शुक्ला, जिलापूर्ति अधिकारी सुनील कुमार, डीपीआरओ सपना अवस्थी, एक्सईएन बिजली राजेश कुमार, बीडीओ आलोक कुमार, मेला अध्यक्ष मुन्नालाल पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, नारायण दुबे आदि उपस्थित थे।


