जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा, शहीदों को नमन और स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को किया सम्मानित
उरई, संवाददाता। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कैम्प कार्यालय एवं
उरई, संवाददाता। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कैम्प कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। ध्वजारोहण के बाद सामूहिक वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ ध्वज को सलामी दी गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों सरस्वती देवी, गणेशी देवी, कौशल्या देवी और रामदेवी विद्यार्थी को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सेनानियों का त्याग और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि दायित्वों को याद करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब हर नागरिक ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाए। नागरिक सशक्तिकरण अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन से ही संभव है। युवाओं को शिक्षा, कौशल और नवाचार में आगे बढ़ना चाहिए और महिलाओं को आर्थिक-सामाजिक रूप से सशक्त बनाना जरूरी है।जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम हो रहा है। किसानों की आय, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर फोकस है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, जालौन-झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और औद्योगिक विस्तार से जनपद विकास की नई दिशा में बढ़ रहा है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी राजीव राज, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिन्कू सिंह राही सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


