सम्पूर्ति पोर्टल पर डेटा पेंडिंग, छह सीओ को शोकॉज
भागलपुर के जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जीआर राशि के वितरण में लापरवाही मिलने पर छह अंचलाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि डाटा का पुनरावलोकन करने पर कमी पाई गई है। अंचलाधिकारियों को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रदान करने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन के तहत जीआर राशि के वितरण से संबंधित लापरवाही मिलने पर छह अंचलाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछा है। डीएम ने कहा कि 11 सितंबर को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन के तहत जीआर राशि के वितरण के लिए सम्पूर्ति पोर्टल पर लंबित डाटा की समीक्षा के क्रम में डाटा को रिकोमेंडेड करने की कार्रवाई गोपालपुर, इस्माईलपुर, नारायणपुर, रंगराचौक, सबौर एवं शाहकुंड अंचल अंतर्गत शून्य पायी गयी है, जो अत्यंत खेदजनक है। डीएम ने कहा कि आपदा कार्य की समीक्षा लगातार उच्च स्तर से की जा रही है। ऐसे में यह कृत्य आपके महत्वपूर्ण कर्तव्य के प्रति लापरवाही, असंवेदनशीलता एवं उच्चाधिकारी के निर्देश की अवहेलना को परिलक्षित करता है।
इन अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर स्पष्ट करें कि क्यों नहीं बाढ़-आपदा जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य के प्रति बरती गयी लापरवाही, असंवेदनशीलता एवं उच्चाधिकारी के निर्देशों की अवहेलना के लिए आपके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई का प्रस्ताव विभाग को भेज दिया जाय।


