सिनेमा हॉल में बच्ची को खाद्य सामग्री ले जाने से रोकने पर पेनॉल्टी
एक सिनेमा हॉल में बच्ची को खाद्य सामग्री ले जाने से रोके जाने पर डीएम ने दो हजार रुपये की पेनाल्टी लगाई। शिकायतकर्ता गौरव तुली ने आरोप लगाया कि उनकी तीन वर्षीय बेटी के लिए बिस्कुट और कुरकुरे को सुरक्षा कर्मियों ने अंदर नहीं जाने दिया। सिनेमा प्रबंधन ने लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किया।

एक सिनेमा हॉल में बच्ची को खाद्य सामग्री ले जाने से रोकने पर डीएम ने कार्रवाई करते हुए दो हजार रुपये की पेनाल्टी लगाई है। डोहरा रोड पर महेंद्र नगर कालोनी निवासी गौरव तुली ने उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग, लखनऊ में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 30 जून 2026 को वह अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटी के साथ सिनेमा हाल में फिल्म देखने गए थे। बच्ची के लिए बिस्कुट एवं कुरकुरे के पैकेट पत्नी के बैग में रखे थे। सिनेमा परिसर में प्रवेश के दौरान इस खाद्य सामग्री को सुरक्षा कर्मियों ने अंदर ले जाने से रोक दिया।
उक्त खाद्य सामग्री उनसे ले ली गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, बच्ची के बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद मामले में अपेक्षित सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण नहीं अपनाया गया। प्रकरण में सिनेमा प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण के साथ-साथ विभिन्न बिंदुओं पर साक्ष्य उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। सिनेमा प्रबंधन ने 18 सितंबर 2026 को स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया, लेकिन घटना से संबंधित अपेक्षित साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराए जा सके।डीएम ने प्रकरण की सुनवाई और उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण के उपरांत पाया कि सिनेमा प्रबंधन ने उत्तर प्रदेश चलचित्र (विनियमन) अधिनियम-1955 के अधीन जारी लाइसेंस की शर्त संख्या-20 का उल्लंघन किया है। आदेश में उक्त उल्लंघन को धारा-8 के अंतर्गत दंडनीय अपराध बताया गया है। इसके क्रम में डीएम अविनाश सिंह ने दो हजार रुपये की पेनाल्टी लगाते हुए सिनेमा लाइसेंसी/प्रबंधक को धनराशि एक सप्ताह के भीतर राजकोष में जमा करने का निर्देश दिया है।


