डीजे से हुई छात्रा की मौत मामले में हाईकोर्ट सख्त, मिलेगा न्याय
बलरामपुर में धार्मिक जुलूस के दौरान डिवाइन पब्लिक स्कूल की छात्रा वैष्ण्वी तिवारी की मौत का मामला हाईकोर्ट के स्वत: संज्ञान के बाद चर्चा में आया है। हाईकोर्ट ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी व स्कूल को पक्षकार बनाया है। जुलूस में तेज ध्वनि और छात्रा की तबीयत बिगड़ने के संबंध में भी जांच की जा रही है।

बलरामपुर, संवाददाता। धार्मिक जुलूस के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद डिवाइन पब्लिक स्कूल की छात्रा वैष्ण्वी तिवारी की मौत का मामला हाईकोर्ट के स्वत: संज्ञान के बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने मामले में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी व डिवाइन पब्लिक स्कूल को पक्षकार बनाया है। अदालत ने बलरामपुर के डीएम और एसपी से घटना तथा अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है। मामले की अगली सुनवाई 12 अक्तूबर को होगी। कोतवाली नगर क्षेत्र में 21 सितंबर को सिटी पैलेस रोड स्थित रामलीला मैदान के पास तेज ध्वनि में डीजे बजाकर धार्मिक जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान रामलीला मैदान के पास स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल में छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह कक्षा में गिर गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जुलूस में बज रहे डीजे और तेज आवाज को लेकर सवाल उठे थे। छात्रा की तबीयत बिगड़ने व तेज ध्वनि के बीच संबंध को लेकर भी चर्चा हुई थी। हालांकि प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि छात्रा का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था। ऐसे में मौत का स्पष्ट चिकित्सकीय कारण निर्धारित नहीं हो सका। घटना की जांच के लिए सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी की अध्यक्षता में समिति गठित की गई थी। समिति अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप चुकी है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के अनुसार जांच समिति की रिपोर्ट में तेज आवाज के दुष्प्रभाव का उल्लेख किया गया है, लेकिन तेज आवाज और छात्रा की मौत के बीच प्रत्यक्ष चिकित्सकीय संबंध को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया गया है। इधर, छात्रा की मौत के बाद उसका परिवार बलरामपुर में लिया गया किराए का मकान छोड़कर अपने घर लौट गया है। परिवार छात्रा की पढ़ाई के सिलसिले में शहर में रह रहा था। अब हाईकोर्ट की अगली सुनवाई में प्रशासन और पुलिस की रिपोर्ट के बाद मामले से जुड़े कई पहलुओं की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
बाक्स :
शोर प्रदूषण पर भी अदालत की नजर
हाईकोर्ट का स्वत: संज्ञान केवल छात्रा की मौत तक सीमित नहीं है। अदालत ने धार्मिक आयोजनों और जुलूसों में ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों के पालन को भी गंभीरता से लिया है। न्यायालय की ओर से यह जानकारी मांगी गई है कि निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन कराने के लिए प्रशासन ने क्या कदम उठाए और आगे निगरानी की व्यवस्था किस तरह की जाएगी। अदालत ने छात्रा की मौत के कारण को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। इस मामले में डीएम, एसपी और सीएमओ के साथ डिवाइन पब्लिक स्कूल को पक्षकार बनाए जाने से अब घटना से जुड़े प्रशासनिक, पुलिस और चिकित्सकीय तथ्यों की जानकारी न्यायालय के समक्ष रखी जाएगी। राज्य सरकार के अधिवक्ता को अधिकारियों से आवश्यक निर्देश और रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए कहा गया है.
बाक्स :
जुलूसों में डीजे पर रोक, प्रशासन ने लागू की नई एसओपी
इस दर्दनाक घटना के बाद जिला प्रशासन की तरफ से धार्मिक आयोजनों, शोभायात्राओं व जुलूसों को लेकर नई एसओपी लागू कर दी गई है। इसमें डीजे म्यूजिक सिस्टम, डीजे वाहन, ट्रॉली व अत्यधिक ध्वनि पैदा करने वाले अन्य उपकरणों के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई है। आवश्यकता होने पर पूर्व अनुमति से न्यूनतम आवश्यक ध्वनि में माइक्रोफोन या पीए सिस्टम के इस्तेमाल की व्यवस्था की गई है। नई व्यवस्था में शोभायात्राओं में झांकी या अन्य संरचना की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट निर्धारित की गई है। बिजली विभाग को आयोजन से पहले मार्ग का निरीक्षण कर विद्युत तारों को सुरक्षित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि आयोजनों में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

