टीकाकरण की प्रगति में सुधार के लिए अभियान चलाकर कार्य करने के निर्देश
- संस्थागत प्रसव में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं राष्ट्रीय नियमित टीकाकरण कार्

मऊ, संवाददाता। जिलाधिकारी आनंद वर्धन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं राष्ट्रीय नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की संयुक्त समीक्षा बैठक शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने टीकाकरण की प्रगति में सुधार के लिए अभियान चलाकर कार्य करने और संस्थागत प्रसव में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य केंद्रों में संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान विकासखंड बड़रांव की प्रगति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एमओआईसी को प्रगति में सुधार लाने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं फतेहपुर मंडाव की बेहतर प्रगति पर संबंधित एमओआईसी की प्रशंसा की। टीकाकरण की प्रगति में सुधार के लिए सभी एमओआईसी को अभियान चलाकर शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पुरुष नसबंदी का वार्षिक लक्ष्य 21 तथा महिला नसबंदी का लक्ष्य 3713 है। जिसके सापेक्ष अब तक 4 पुरुष एवं 238 महिला नसबंदी हुई है। जिलाधिकारी ने वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 200 से अधिक ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त किया जा चुका है। वहीं 102 एंबुलेंस सेवा के संबंध में बताया गया कि जनपद में 27 एंबुलेंस संचालित हैं। शहरी क्षेत्रों में कॉल समाप्त होने के 20 मिनट तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एंबुलेंस पहुंचना अनिवार्य है। इसी प्रकार 108 इमरजेंसी मेडिकल ट्रांसपोर्ट सर्विस के तहत 23 एंबुलेंस संचालित हैं, जिन्हें कॉल समाप्त होने के 15 मिनट के भीतर रोगी तक पहुंचना होता है। निर्धारित समय में सेवा उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। बैठक में संस्थागत प्रसव लाभार्थी भुगतान, आशा भुगतान, एफआरयू की मासिक रिपोर्ट, चाइल्ड डेथ रिव्यू, एमएसआई रिपोर्ट, परिवार नियोजन, टीकाकरण, एनएलईपी, आरबीएसके, जिला चिकित्सालय, एसएनसीयू, पोषण पुनर्वास केंद्र, रक्त कोष, आयुष्मान भारत, 102 एवं 108 एंबुलेंस तथा एएलएस सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पंकज कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.बीके यादव, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ.सीपी आर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद सहित समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक उपस्थित रहे।


