राहुल के घर पहुंचे डीएम-एसपी, दिया मदद का भरोसा
सिसवा के युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के मामले में डीएम और एसपी ने परिवार से मुलाकात की। अधिकारियों ने उच्च स्तरीय जांच का आश्वासन दिया और न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। परिवार ने अधिकारियों से न्याय की मांग की।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सिसवा के युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के घर गुरुवार को डीएम गौरव सिंह सोगरवाल व एसपी शक्ति मोहन अवस्थी पहुंचे। परिजनों से मिलकर उन्हें संत्वना देते हुये मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिये आश्वासन दिया। हर संभव मदद का भरोसा दिया।दोनों आला अधिकारी काफी देर तक पीड़ित परिवार के साथ बंद कमरे में बात किए। घटना से संबंधित जानकारी ली। दोनों अधिकारी राहुल के घर पहुंचे तो राहुल के माता-पिता इन अधिकारियों से लिपट कर अपने पुत्र के मामले न्याय दिलाने की मांग करने लगे। राहुल के पिता डीएम के पैरों में लिपट गए। बाद में समझा कर परिजनों को राहुल के कक्ष में ले जाया गया, जहां अधिकारियों ने परिजनों के साथ बातचीत की।
आश्वस्त करते हुए कहा कि शासन की ओर से मामले की सभी पहलुओं से जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से की जा रही है। इस अवसर पर एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, विकास खंड अधिकारी अर्जुन चौधरी, प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा आदि मौजूद रहे।


