हफ्ते भर में शुरू करें अधूरे आंगनबाड़ी भवन का निर्माण
वाराणसी में जिला पोषण समिति की बैठक में पोषण ट्रैकर और विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण और एनआरसी में स्टाफ नर्स की नियुक्ति में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि अधूरे काम शीघ्र पूरे किए जा सकें।

वाराणसी। सीडीओ की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई। बैठक में पोषण ट्रैकर और कन्वर्जेंस विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण, ‘नल से जल’ योजना और एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में स्टाफ नर्स की नियुक्ति में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में चिरईगांव और चोलापुर में आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण अधूरा है। वर्ष 2025-26 में आराजीलाइन परियोजना के एक केंद्र पर निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ है।
सीडीओ ने एक सप्ताह के भीतर निर्माण शुरू कराने को कहा। इसके अलावा वर्ष 2023-24 और 2024-25 के तहत हरहुआ के चार तथा पिंडरा के दो ‘नल से जल’ परियोजनाओं के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और उनकी साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा गया।बैठक में एनआरसी प्रभारी ने बताया कि केंद्र में एक स्टाफ नर्स की आवश्यकता है। इस संबंध में तीन माह पहले भी प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अब तक नियुक्ति नहीं हुई। इस पर सीडीओ ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को एक सप्ताह के भीतर स्टाफ नर्स की नियुक्ति कर सूचना उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों को आपसी समन्वय से ‘सम्भव अभियान 6.0’ को सफल बनाने का निर्देश दिया।


