डीएम बने ‘निक्षय मित्र’, टीबी मरीजों तक पहुंचाया पौष्टिक आहार
गोपालगंज में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत, डीएम समीर सौरभ ने ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार किट वितरित किया। उन्होंने मरीजों से संवाद कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और नियमित दवा, चिकित्सकों की सलाह और संतुलित आहार के महत्व पर भी बल दिया।

डीएम बने ‘निक्षय मित्र’, टीबी मरीजों तक पहुंचाया पौष्टिक आहार गोपालगंज। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने और टीबी मरीजों को उपचार के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में डीएम समीर सौरभ सोमवार को ‘निक्षय मित्र’ की भूमिका में नजर आए। उन्होंने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार किट का वितरण किया व मरीजों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने, चिकित्सकों की सलाह का पालन करने और पौष्टिक एवं संतुलित आहार का सेवन करने के लिए प्रेरित किया।
डीएम ने कहा कि टीबी मरीजों के उपचार में दवाओं के साथ-साथ बेहतर पोषण की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। कमजोर पोषण की स्थिति मरीज के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। ऐसे में ‘निक्षय मित्र’ बनकर समाज के सक्षम लोग मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य संस्थाओं से आगे बढ़कर ‘निक्षय मित्र’ बनने की अपील की। रिपोर्ट: त्रिलोकी नाथ श्रीवास्तव


