पीएम पोषण योजना और मिल डे मील की व्हाट्सएप ग्रुप पर रिपोर्ट होगी साझा
मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया सभी 643 ग्राम पंचायतों में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की विशेष मानीटरिंग की तैयारी कर रहे हैं। इसके अंतर्गत 19 पैरामीटर्स के सत्यापन और मिड डे मील योजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का उद्देश्य है। नोडल अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने मुरादाबाद की सभी 643 ग्राम पंचायतों में संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों विशेष मानीटरिंग की तैयारी की है। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत निर्धारित 19 पैरामीटर्स के संतृप्तीकरण सहित विभिन्न कार्यों के प्रभावी अनुश्रवण एवं स्थलीय सत्यापन के लिए नोडल अधिकारियों को नामित किया है। मिड डे मील और पीएम पोषण योजना की मानीटरिंग व्हाट्सएप ग्रुप से होगी। इसका उद्देश्य ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में निरंतर सुधार करना है। जिलाधिकारी ने नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने आवंटित ग्राम पंचायतों में स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से स्थलीय निरीक्षण करें तथा निरीक्षण आख्या निर्धारित गूगल फॉर्म पर उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर्स की वास्तविक स्थिति, कराए गए कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों में कमियों से संबंधित मामलों की भी जांच करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। नोडल अधिकारियों द्वारा विद्यालय भ्रमण के दौरान मिड-डे मील एवं पीएम पोषण योजना के अंतर्गत बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की मात्रा, गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन का भी परीक्षण किया जाएगा। ग्राम पंचायत के समस्त सदस्यों का व्हाट्सएप गठित कर उसके माध्यम से ग्राम पंचायत से संबंधित निर्देश एवं आवश्यक जानकारी नियमित रूप से संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी, मुरादाबाद को उपलब्ध कराई जाएगी।


