खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करे काम
स्टेडियम का निरीक्षण करते डीएम सत्यप्रकाश पटेल खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने लिए करे कामखेल सुविधाओं को बेहतर बनाने लिए करे कामखेल सुविधाओं को बेहतर बन

हाथरस। जनपद में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं युवाओं को विभिन्न खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सुबह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम के विभिन्न खेल मैदानों, जिम, बैडमिंटन कोर्ट, शूटिंग रेंज एवं निर्माणाधीन सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्टेडियम के संपूर्ण परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध खेल सुविधाओं की जानकारी ली। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि स्टेडियम में क्रीड़ा अधिकारी सहित तीन प्रशिक्षक तैनात हैं, जिनके द्वारा एथलेटिक्स, जूड़ो, वेटलिफ्टिंग एवं फुटबॉल में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्टेडियम में जिम संचालित है तथा तीन बैडमिंटन कोर्ट भी संचालित हैं। जिलाधिकारी ने क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच को शीघ्र तैयार कर प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास की सुविधा मिल सके। उन्होंने मैदान में आवश्यकतानुसार मिट्टी डलवाकर समतलीकरण कराने, ग्रास कटिंग कराने तथा हाई जंप एवं लॉन्ग जंप के लिए निर्धारित स्थानों पर उचित मिट्टी की व्यवस्था कर खिलाड़ियों को अभ्यास कराने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान
उन्होंने निर्माणाधीन वॉलीबॉल, लॉन टेनिस एवं बास्केटबॉल कोर्ट की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही निर्माणाधीन मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण कर कार्य को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बताया कि उपकरण प्राप्त होने के उपरांत इसे शीघ्र संचालित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। खिलाड़ियों ने बताया कि वे सेना पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अभ्यास करने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनपद के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए.
इस अवसर पर
मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र, जिला क्रीड़ा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस एवं मुरसान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


