विज्ञान प्रीमियर लीग से आठ विद्यार्थी राज्य स्तर के लिए चयनित
गुरुवार को रुद्रपुर के भारत गोयल इंटरनेशनल स्कूल में जिला स्तरीय द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 42 विद्यार्थियों ने भाग लिया और प्रतियोगिता में चयनित 8 विद्यार्थी राज्य स्तर पर भाग लेंगे। कार्यक्रम में विज्ञान को लेकर नई सोच विकसित करने के लिए प्रेरणा दी गई।

रुद्रपुर, संवाददाता। गुरुवार को यूकॉस्ट, देहरादून की ओर से जिला स्तरीय द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 का भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल, लालपुर, रुद्रपुर में आयोजन किया गया। इसमें जिले के सातों विकासखंडों के विद्यालयों से चयनित जूनियर एवं सीनियर वर्ग के 42 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में चयनित आठ विद्यार्थी अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में देहरादून स्थित यूकॉस्ट में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में लिखित परीक्षा, विजुअल राउंड, वीडियो राउंड, स्पीच राउंड, रैपिड फायर तथा बजर राउंड आयोजित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक भारत गोयल ने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासु एवं नवाचारी दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
जिला समन्वयक नरेंद्र रौतेला ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग की अवधारणा, उद्देश्य तथा विद्यालयी विज्ञान शिक्षा में इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। क्विज के निर्माण, संचालन एवं मूल्यांकन में शिवालिक चिल्ड्रन साइंस फाउंडेशन के सुमित पांडेय, हर्षिता देवराड़ी, एस. पांडेय, प्रेरणा डोभाल तथा सत्यम कुमार ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायक मंडल में प्रिंसिपल माधवेंद्र सारस्वत, एन. वेंटेटेश तथा राम कुशवाहा रहे। कार्यक्रम का संचालन मोहन ढाका और आस्था रूद्रा ने किया।


