एग्रीजंक्शन योजना में 15 लाभार्थियों का होगा चयन, 216 आवेदनों की होगी जांच
प्रशिक्षित कृषि उद्यमियों के चयन के लिए एक जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 216 आवेदनों की समीक्षा की गई। शासन ने शाहजहाँपुर के लिए 15 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिनमें 11 ग्रामीण और 4 शहरी क्षेत्र से होंगे। चयन प्रक्रिया में आयु के अनुसार वरीयता दी जाएगी।

प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलम्बन एग्रीजंक्शन योजना के तहत लाभार्थियों के चयन को लेकर मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक, अग्रणी बैंक प्रबंधक एलडीएम उप कृषि निदेशक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। उप कृषि निदेशक ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में योजना के तहत ऑनलाइन पोर्टल पर 216 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि शासन ने शाहजहाँपुर जनपद के लिए 15 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें 11 लाभार्थी ग्रामीण और चार शहरी क्षेत्र से चयनित किए जाएंगे। बैठक में आवेदनों की समीक्षा के बाद निर्णय लिया गया कि पात्र अभ्यर्थियों का चयन विकास खंडवार नियमानुसार किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए समिति ने आयु में वरिष्ठ अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया। इसके तहत जिन अभ्यर्थियों की जन्मतिथि पहले होगी, उन्हें वरीयता मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी 216 आवेदनों की गहन जांच कर पात्र लाभार्थियों की अंतिम चयन सूची 23 जून तक प्रस्तुत की जाए, ताकि समय से चयन कर योजना का लाभ पात्र किसानों और कृषि उद्यमियों तक पहुंचाया जा सके।


