जेल की पाकशाला में नहीं मिली साफ-सफाई
अलीगढ़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव साक्षी गर्ग ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाकशाला की साफ-सफाई पर ध्यान दिया गया। अस्वस्थ बन्दियों से उनके इलाज के बारे में बात की गई। महिला बैरक का निरीक्षण करते हुए सचिव ने सभी बन्दियों को निश्शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने का आदेश दिया।

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव साक्षी गर्ग की ओर से बुधवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाकशाला में पूर्ण रूप से साफ-सफाई नहीं पाई गई। इसके लिए डिप्टी जेलर को निर्देश दिए कि सफाई का ध्यान रखें। इसके बाद कारागार में अस्पताल का निरीक्षण किया गया। वहां अस्वस्थ बन्दियों से उपचार के संबंध में पूछताछ की गई। बंदियों द्वारा इलाज में आराम होना बताया गया। भोजन के बारे में बंदियों ने कहा कि पर्याप्त मात्रा में भोजन दिया जाता है। बंदियों से यह भी पूछा गया कि आपके केस में अधिवक्ता है या नहीं? यदि नहीं है तो आप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से निश्शुल्क अधिवक्ता ले सकते हैं।
बाद में सचिव ने महिला बैरक का भी निरीक्षण किया। वहां महिला बंदियों से पूछा गया कि कारागार प्रशासन से किसी भी तरह की कोई समस्या तो नहीं है? आपके केस में अधिवक्ता है या नहीं? सचिव ने कारागार प्रशासन को आदेश दिए हैं कि वह सभी बंदियों से मिलकर उनसे लीगल एड डिफेंस काउंसिल अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाने के लिए प्रार्थना पत्र लें और प्राधिकरण कार्यालय को भेजें। इस अवसर पर डिप्टी जेलर राजकुमार उपस्थित रहे।


