उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर कराएं समाधान
चंदौली में डीएम चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक हुई। इस बैठक में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। उद्यमियों ने सड़क, बिजली, जलभराव और भूमि कब्जे से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। डीएम ने समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।

चंदौली, संवाददाता । कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक हुई। इसमें रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में उत्पन्न विभिन्न समस्याएं उठाईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का निर्देश दिया। चेताया कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। कहा औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण शासन की पहली प्राथमिकता है। इस अवसर पर उद्यामियों ने अवगत कराया कि फेज-2 में सीसी रोड बनने से सड़क ऊंची हो गई है और बिजली का तार नीचे रहने से हादसे का डर बना रहता है।
इसपर डीएम अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम को यूपीसीडा से समन्वय बनाकर समस्या का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के मुख्य मार्ग और अलीनगर-सिधीताली-जोगवा-नरायनपुर मार्ग 1.5 किमी, लागत ₹1503.05 लाख के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर शासन से त्वरित स्वीकृति कराने का निर्देश दिया। औद्योगिक क्षेत्र के पार्कों में जलभराव और रखरखाव के मुद्दे पर यूपीसीडा को 8 पार्कों की प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। विद्युत बिल एवं असेसमेंट विवाद में शुभम प्लास्टिक, शुभम करवा वाणिज्य और मनोज पालीमर्स से जुड़े गलत बिलिंग, पेनल्टी और असेसमेंट के मामलों में संबंधित अधिशासी अभियंताओं को उद्यमियों से समन्वय कर और उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर निस्तारण करने की हिदायत दी। वहीं 65 एकड़ भूमि कब्जा प्रकरण में जफरपुर, चंदरखा, हेसामपुर की अधिग्रहित भूमि पर कब्जे एवं मुआवजे की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने पर चर्चा हुई। इस मौके पर उद्यमी देव भट्टाचार्य समेत अन्य मौजूद रहे।

