शहर के 110 घरों में शुरू हुई पीएनजी की आपूर्ति
डीएम ने खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था और पाइपलाइन प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पर बैठक की। एफसीआई से उचित दर विक्रेताओं तक खाद्यान्न परिवहन की पारदर्शिता की समीक्षा की गई और स्पष्टता के साथ राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पाइपलाइन प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की समस्या पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम के शिविर कार्यालय में जिला खाद्य पूर्ति विभाग की जनपद स्तरीय सिंगल स्टेप समिति एवं पाइपलाइन प्राकृतिक गैस से संबंधित बैठक संपन्न हुई। डीएम अरविंद सिंह ने कहा कि एफसीआई के गोदामों से उचित दर विक्रेताओं तक खाद्यान्न के परिवहन एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। राशन का वितरण पूर्ण पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा खाद्यान्न परिवहन में लगे वाहनों पर स्पष्ट रूप से ‘राज्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली हेतु खाद्यान्न’ अंकित कराया जाए। जीपीएस लोकेशन के माध्यम से खाद्यान्न परिवहन की नियमित निगरानी की जाए।बैठक के दूसरे चरण में उद्योगों एवं घरेलू उपभोक्ताओं को पाइपलाइन प्राकृतिक गैस के माध्यम से गैस आपूर्ति उपलब्ध कराए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई।
डीएम ने जलेसर क्षेत्र के उद्योगों को पाइपलाइन प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराने में वन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) संबंधी समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक कार्रवाई तत्काल पूर्ण कराई जाए। शहरी क्षेत्र में पाइपलाइन प्राकृतिक गैस आपूर्ति की प्रगति की समीक्षा करने पर संबंधित कार्यदाई संस्था एचपीसीएल के प्रतिनिधि ने बताया कि किदवई नगर एवं आवास विकास क्षेत्र में आगामी माह सितंबर से गैस आपूर्ति प्रारंभ कराने की कार्रवाई प्राथमिकता से पूर्ण की जा रही है वर्तमान में नेहरू नगर क्षेत्र के लगभग 110 घरों में पाइपलाइन प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जा रही है। बैठक में सीडीओ राजेंद्र प्रसाद मिश्र, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी आदर्श कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


