जिला आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण किया
चम्पावत के डीएम मनीष कुमार ने आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला आपदा परिचालन केंद्र, वायरलेस और सैटेलाइट संचार प्रणाली की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। सभी कार्मिकों को 24 घंटे अलर्ट रहने और आपात स्थितियों में तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

सतीश जोशी, चम्पावत। जनपद में आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की धरातलीय स्थिति को परखने तथा मानसून काल में संभावित आपदाओं से निपटने के लिए डीएम एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने रविवार को कलक्ट्रेट परिसर में संचालित जिला आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, वायरलेस एवं सैटेलाइट संचार प्रणाली की क्रियाशीलता तथा ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की उपस्थिति का जायजा लिया। निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन से जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरते। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी 24 घंटे पूर्ण रूप से अलर्ट मोड पर रहें, ताकि जिले के किसी भी क्षेत्र में आपदा या अप्रिय घटना घटित होने पर बिना समय गंवाए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाले प्रत्येक संदेश, शिकायत और जनसमस्या का एक व्यवस्थित लॉग रजिस्टर तैयार किया जाए। इस दौरान आपदा परिचालन केंद्र के कार्मिक उपस्थित रहे।


