बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ राहत शिविरों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
प्रयागराज में गंगा-यमुना के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने की तैयारी तेज कर दी है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बाढ़ राहत शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहें।

प्रयागराज। गंगा-यमुना के लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी बाढ़ राहत शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि राहत शिविरों में ठहरने वाले लोगों के लिए पेयजल, भोजन, प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था रहे। शिविरों में किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और जलस्तर की स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
साथ ही राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने तथा प्रभावित लोगों को समय से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ राहत शिविरों में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की टीमें जलस्तर और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखेंगी।


