खूंटी जिले के सरकारी स्कूलों में 90 प्रतिशत पुस्तकों का वितरण पूरा
खूंटी जिले के सरकारी स्कूलों में करीब 90 प्रतिशत पाठ्यपुस्तकों का वितरण पूरा हो चुका है। पहले केवल 75 प्रतिशत विद्यार्थियों के लिए ही पुस्तकें उपलब्ध थीं। जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि कई बार राज्य स्तर से पुस्तकें विलंब से मिलती हैं। कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध हैं।

खूंटी, प्रतिनिधि। खूंटी जिले के सरकारी स्कूलों में करीब 90 प्रतिशत पाठ्यपुस्तकों का वितरण पूरा हो चुका है। अप्रैल माह में जिले के लगभग 75 प्रतिशत विद्यार्थियों के लिए ही पुस्तकें उपलब्ध हो सकी थीं। समय पर पुस्तकें नहीं मिलने के कारण हजारों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। अब अधिकांश विद्यालयों में पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेश महतो ने बताया कि जिले में लगभग 90 प्रतिशत पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर से कई बार पुस्तकें विलंब से उपलब्ध होती हैं। हालांकि, जिला में पुस्तकें पहुंचते ही सभी प्रखंडों के संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों की मांग सूची के अनुसार जल्द वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि कुछ विद्यालयों को अतिरिक्त पुस्तकें भी उपलब्ध कराई गई हैं। जिले में नामांकन प्रक्रिया लगातार चलती रहती है और कई छात्र-छात्राएं विलंब से विद्यालयों में नामांकन लेते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त पुस्तकों की आवश्यकता पड़ती है। विद्यालयों से सूची मिलने के बाद उन्हें भी जल्द पुस्तकें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। जिन विद्यालयों में अतिरिक्त पुस्तकें उपलब्ध रहती हैं, वहां से आवश्यकता वाले विद्यालयों को पुस्तकें भेजी जाती हैं。
कक्षा एक से 12 तक निःशुल्क मिलती हैं पुस्तकें:
जिला शिक्षा अधीक्षक ने बताया कि कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं। वहीं, कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए राज्य सरकार निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था करती है। वर्तमान में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की ओर से पुस्तकों को लेकर कोई विशेष शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुस्तक वितरण की स्थिति की समीक्षा जिला उपायुक्त खूंटी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भी की गई थी। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय के प्रधानाध्यापक रघुनाथ महतो ने बताया कि उनके विद्यालय में शत-प्रतिशत पुस्तकों का वितरण हो चुका है और पुस्तक उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है।


