एनडीआरएफ ने छात्रों को दिए आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के टिप्स
पलियाकलां स्थित बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज में एनडीआरएफ लखनऊ की टीम ने एक विशेष सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और शिक्षकों को आपदाओं के प्रति जागरूक करना था। कमांडर सभाजीत यादव ने भूकंप, बाढ़, सड़क सुरक्षा, और अन्य आपात स्थितियों के बारे में जानकारी दी।
पलियाकलां। नगर के बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज में आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन योजना के तहत एक विशेष सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 11 एनडीआरएफ लखनऊ की टीम ने क्रियान्वित किया, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों और शिक्षकों को विभिन्न आपदाओं के प्रति जागरूक और तैयार करना था। कार्यक्रम में एनडीआरएफ टीम के कमांडर सभाजीत यादव ने उपस्थित स्टाफ और छात्र-छात्राओं को भूकंप, बाढ़, सड़क सुरक्षा, आकाशीय बिजली (लाइटनिंग) और सर्पदंश (सांप काटने) जैसी आपातकालीन स्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कमांडर यादव ने बताया कि किसी भी आपदा के आने से पूर्व हमारी क्या तैयारियां होनी चाहिए, आपदा के दौरान हमें खुद को और दूसरों को कैसे सुरक्षित रखना है, तथा आपदा के बाद क्या कदम उठाने चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा आपदा के बाद मिलने वाले मुआवजे और उससे जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं के बारे में भी विस्तार से समझाया। इस बेहद उपयोगी और व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डीएल भार्गव, समस्त शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राऐं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम का आभार व्यक्त किया।


