पौड़ी के महरगांव में भूस्खलन के बाद डीएम ने कंट्रोल रूम पहुंचकर संभाली कमान
पौड़ी जनपद में लगातार बारिश के प्रभाव से भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं हो रही हैं। जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम में स्थिति की समीक्षा की और राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। महरगांव में चार लोग मलबे में दबे हैं, जिनमें से एक महिला को सुरक्षित निकाला गया है।

पौड़ी। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी ने मंगलवार को आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर बारिश, भूस्खलन, सड़क बाधित होने और आवश्यक सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवार जानकारी लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। सतपुली तहसील के महरगांव में भूस्खलन की सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार चार लोग मलबे में दबे थे। इनमें से एक महिला को ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी भेजी गई है।
मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश और राहत-बचाव कार्य जारी है। वहीं, बैरगांव में भूस्खलन के दौरान घायल महिला को प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।


