नीति आयोग के निदेशक ने किया परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण नीति आयोग के निदेशक ने किया परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण
अमेठी में नीति आयोग के निदेशक मोहम्मद जुबैर अली हाशिम ने जगदीशपुर और जामों विकासखंडों का दौरा किया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण परियोजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने आरोग्य मंदिरों और स्कूलों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा की स्थिति पर जानकारी हासिल की।

अमेठी। संवाददाता नीति आयोग, भारत सरकार के निदेशक मोहम्मद जुबैर अली हाशिम ने शुक्रवार को जनपद अमेठी के आकांक्षात्मक विकासखंड जगदीशपुर एवं जामों का भ्रमण कर विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम विकासखंड जगदीशपुर के कमरौली स्थित आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, मरीजों की सुविधाओं एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा आरोग्य मंदिरों को जनविश्वास का केंद्र बनाया जाए।
इसके उपरांत उन्होंने तेतारपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति, छात्र उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं एवं स्मार्ट शिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने तेतारपुर के आंगनबाड़ी केंद्र का भी अवलोकन कर बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। निदेशक ने विकासखंड जामों की ग्राम पंचायत बाबूपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। सीडीओ पूजा साहू, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, संबंधित बीडीओ एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


