टिहरी की समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री से मिले धनाई
पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई ने केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से त्यूणी-मलेथा (एनएच 707ए) हाईवे चौड़ीकरण को लेकर चर्चा की। उन्होंने चंबा से नई टिहरी तक 30 किमी हिस्से के चौड़ीकरण की आवश्यकता बताई। यह हाईवे चारधाम यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और स्थानीय व्यापारियों के हित को ध्यान में रखने की अपील की।

नई टिहरी। पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और राज्यमंत्री अजय टम्टा से मुलाकात कर त्यूणी-मलेथा (एनएच 707ए) हाइवे चौड़ीकरण के संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस हाईवे पर चंबा से नई टिहरी होते हुए बीपुरम तक 30 किमी हिस्से के चौड़ीकरण को लेकर मंत्री से चर्चा की। कहा कि चंबा और नई टिहरी पूरे जिले सहित चारधाम यात्रा का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इस हाईवे को जन भावनाओं के अनुरूप चौड़ा किया जाए। साथ ही इसमें स्थानीय हितों को प्रमुखता दी जाए। योजना दीर्घकालिक हो। जिससे इस हाईवे को चारधाम यात्रा के विकल्प के रूप में प्रयोग करते हुए चंबा, नई टिहरी,बीपुरम के व्यापारियों को लाभ मिले।
धनाई ने कहा कि उनका हमेशा से ही प्रयास रहा है कि स्थानीय लोगों को सरकार की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले। कहा कि उनके प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्री गड़करी और टम्टा ने गंभीरता से सुनते ही सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिया।


