जंतर मंतर जैसे स्थल अब पूरे देश में होंगे: डिंपल
मैनपुरी। सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सांसद ने एक्स पर दिल्ली आंदोलन का जिक्र किया है और कहा है कि सरकार जगह बदलने से जनजागरण को

सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सांसद ने एक्स पर दिल्ली आंदोलन का जिक्र किया है और कहा है कि सरकार जगह बदलने से जनजागरण को नहीं रोक पाएगी। जंतर मंतर से गृह मंत्रालय ने प्रदर्शन स्थल का दर्जा छीन लिया है। सरकार वोट चोरी के अपराध को छुपा रही है। सांसद डिंपल यादव ने कहा कि सरकार को अगर ये लग रहा है कि किसी जगह को बंद करने से वो आम आदमी के न्याय की आवाज दबा देगी तो ये सरकार की सबसे बड़ी भूल है। वोट चोरी, चंदा चोरी, पर्चा लीक, महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध, हर जगह व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ हर भारतीय की आवाज ही जंतर मंतर बन चुकी है।
चौपाल, नुक्कड़, पगडंडी, सड़क, हर गांव और हर व्यक्ति लोकतंत्र को बचाने के लिए निकला है। सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार की विदाई का वक्त आ गया है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन जंतर मंतर पर युवा कर रहे थे। लेकिन सरकार ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन ही बंद कराने की साजिश कर ली है। लेकिन प्रदर्शन पूरे देश में होंगे, सरकार कहां-कहां प्रदर्शन बंद कराएगी। महंगाई, भ्रष्टाचार से आम आदमी परेशान है। लोगों स्वाभिमान और सम्मान खतरे में है। देश की छवि खराब हो रही है। लेकिन भाजपा सरकार सवाल पूछने वालों की आवाज बंद करने की साजिशों में लगी है।

