पेपरलेस सिस्टम लागू होने से निबंधन प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल
घर बैठे रजिस्ट्री की प्रक्रिया कर सकते हैं पूरीक्रिया में कागजी दस्तावेज के इस्तेमाल को कम करते हुए डिजिटल माध्यम को प्राथमिकता दी जा रही है। नई व्यवस्था से

बखरी,निज संवाददाता। राज्य सरकार ने सरकारी कामकाज को डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 3 अगस्त से पेपरलेस सिस्टम लागू कर दिया है। इसके तहत भूमि निबंधन प्रक्रिया में कागजी दस्तावेज के इस्तेमाल को कम करते हुए डिजिटल माध्यम को प्राथमिकता दी जा रही है। नई व्यवस्था से सरकारी कार्यालयों में फाइलों के रखरखाव, दस्तावेजों के आदान-प्रदान और कार्यों के निष्पादन की प्रक्रिया में बदलाव आएगा।
नई व्यवस्था का प्रभाव
पेपरलेस व्यवस्था लागू होने के बाद निबंधन कार्यालयों में भी दस्तावेजों की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है। इससे कागजी फाइलों पर निर्भरता कम होगी और दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से डिजिटल रूप में संरक्षित किया जा सकेगा। साथ ही, प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने और लोगों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में समय की बचत होने की उम्मीद है। बखरी अवर निबंधन कार्यालय में भी नई व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। कार्यालय में आने वाले लोगों को डिजिटल प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। निबंधन से जुड़े दस्तावेजों और अभिलेखों को डिजिटल माध्यम से सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, कातिब इसका विरोध करते हुए 3 अगस्त से हड़ताल पर हैं।
निबंधन प्रक्रिया में बदलाव
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यहां एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी है। इधर, अवर निबंधक अंजलि जोशी ने बताया कि पेपरलेस सिस्टम सरकार की डिजिटल पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। तीन अगस्त से नई व्यवस्था लागू हो चुकी है। इसका उद्देश्य निबंधन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है। डिजिटल व्यवस्था से दस्तावेजों के रख-रखाव में सुविधा होगी और भविष्य में रिकॉर्ड को आसानी से सुरक्षित एवं उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था को लेकर कार्यालय कर्मियों को आवश्यक प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को भी डिजिटल प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जा रही है ताकि निबंधन कार्य में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
सरकार की पहल से बदलाव
सरकार की इस पहल से आने वाले समय में निबंधन कार्यालयों के कामकाज में तकनीकी बदलाव और तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि खाता खेसरा की जानकारी हो जाने के बाद लोग घर बैठे एंट्री कर सकते हैं। उसके बाद प्रारूप सॉफ्टवेयर तैयार करेगा। चालान नेट बैंकिंग के माध्यम से जमा कर सकते हैं या एसएससी काउंटर से भी चालान जमा किया जा सकता है। उन्होंने बताया की रजिस्ट्री के दिन क्रेता विक्रेता को बस आने की जरूरत है। उसके बाद अवर निबंधन कार्यालय में फोटो और बायोमेट्रिक होगा। इसके बाद निबंधन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। क्यूआर कोड के जरिए लोग अपनी पिछली रजिस्ट्री का रिकॉर्ड भी देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि कातिबों को सर्विस प्रोवाइडर का लाइसेंस दिया गया है, उनके द्वारा डाटा एंट्री करके रजिस्ट्री का मजमून भी तैयार किया जा सकता है। साथ ही, डिजिटल स्टाम्प निर्गत कर सकते हैं। किसी को भी रजिस्ट्री संबंधित कोई भी शिकायत या परेशानी हो तो निबंधन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

