हजारीबाग पुलिस का डिजिटल एक्शन शुरू
हजारीबाग पुलिस का डिजिटल एक्शन शुरू 410 हॉट स्पॉट पर बारकोड स्कैनिंग से हो रही गश्ती की निगरानी रक्षक एप से जुड़े 28 थाने हजारीबाग हमारे प्रतिनिध

रक्षक एप से जुड़े 28 थाने और ओपी, 410 हॉट स्पॉट चिह्नित हजारीबाग पुलिस का डिजिटल एक्शन शुरू
हजारीबाग। हमारे प्रतिनिधि
पुलिस की डिजिटल पहल
जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग में पारदर्शिता लाने के लिए हजारीबाग पुलिस ने हाईटेक पहल शुरू की है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अपराध की दृष्टि से संवेदनशील 410 हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर अब बारकोड आधारित डिजिटल गश्ती व्यवस्था लागू की गई है। गश्ती दल को हॉट स्पॉट पर पहुंचकर बारकोड स्कैन करना अनिवार्य होगा। इसकी लाइव रिपोर्ट सीधे पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी।
रक्षक एप का प्रयोग
पूरी व्यवस्था को रक्षक एप से जोड़ा गया है। इसके लिए जिले के 28 थानों और ओपी के 276 पुलिस पदाधिकारियों की लॉगिन आईडी बनाई गई है। हॉट स्पॉट की बारकोड स्कैनिंग से यह सुनिश्चित हो सकेगा कि गश्ती दल निर्धारित स्थान पर पहुंचा था या नहीं। इससे कागजी खानापूर्ति पर भी रोक लगेगी। एसपी अमन कुमार के अनुसार, इस तकनीक से संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करना भी आसान होगा।
हॉट स्पॉट का वितरण
बड़ा बाजार में सबसे अधिक, आंगों में सबसे कम हॉट स्पॉट
संवेदनशील इलाकों के आंकड़ों के अनुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हॉट स्पॉट की संख्या में काफी अंतर है। बड़ा बाजार ओपी में सबसे अधिक 53 हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। यहां नौ पदाधिकारियों की आईडी बनाई गई है। कोर्रा थाना क्षेत्र में 49, सदर में 37 और लोहसिंघना में 36 हॉट स्पॉट चिह्नित हैं। बरही में 13 हॉट स्पॉट के लिए 21 पदाधिकारियों की आईडी बनाई गई है।
वहीं, आंगों थाना क्षेत्र में सबसे कम दो हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। कई थाना क्षेत्रों में हॉट स्पॉट और पुलिस पदाधिकारियों की संख्या के अनुपात में भी अंतर है। केरेडारी में तीन हॉट स्पॉट के लिए 15 पदाधिकारियों की आईडी बनाई गई है, जबकि चुरचू में 10 हॉट स्पॉट की जिम्मेदारी महज तीन पदाधिकारियों पर है।
निगरानी और प्रभाव
डिजिटल गश्ती व्यवस्था से पुलिस की गश्ती पर निगरानी मजबूत होगी और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी का वास्तविक समय में पता चल सकेगा।


