रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिलेगी डिजीटल लॉकर की सुविधा
दिल्ली के चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए डिजीटल लॉकर की सुविधा शुरु की गई है। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यह सुविधा सुरक्षा और सुविधा प्रदान करती है। विभिन्न आकारों के लॉकर उपलब्ध हैं, और भुगतान डिजिटल माध्यमों से किया जाएगा।

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली के चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजीटल लॉकर की सुविधा शुरु की गई है। उत्तर रेलवे के इन चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों में नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल शामिल हैं। उत्तर रेलवे के मुख्य प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार वाणिज्यिक पहल के तहत प्रदान की गई यह सुविधा यात्रियों को सामान को अस्थायी रूप से रखने (स्टोरेज) के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त विकल्प है। इन लॉकरों में सामान रखने एवं उसे निकालने के लिए ओटीपी का इस्तेमाल होगा। इससे यात्री अपनी प्रतीक्षा अवधि या स्टेशन से बाहर भ्रमण के दौरान भारी सामान उठाए बिना अपना सामान सुरक्षित रूप से रख और वापस निकाल सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से पर्यटकों, ट्रेनों के बीच लंबी प्रतीक्षा अवधि वाले यात्रियों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वालों के लिए उपयोगी होगी।
लॉकर उपलब्धता
यात्रियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए चारों रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न आकारों (मिनी, स्मॉल, मीडियम, लार्ज और एक्स्ट्रा लार्ज) के लॉकर उपलब्ध कराए गए हैं। यात्री अपने सामान के आकार के अनुसार लॉकर का चयन कर सकते हैं। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा चालू कर दी गई है और दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल में इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर, डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा प्लेटफॉर्म नंबर 16 के पास, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के नीचे मेन हॉल में उपलब्ध है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर, यह सुविधा मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्थित है। इसके लिए भुगतान डिजीटल माध्यम से किया जा सकेगा।
डिजिटल लॉकर का उपयोग
डिजिटल लॉकर का उपयोग ऐसे कर सकेंगे
सामान जमा करने के लिए- प्रारंभ-मोबाइल नंबर दर्ज करें- ओटीपी सत्यापित करें-लॉकर का आकार और समयावधि चुनें- डिजिटल भुगतान करें-सामान रखें और लॉकर बंद करें।
सामान वापस निकालने के लिए -प्रारंभ -पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करें- ओटीपी सत्यापित करें- रिलीज़ पर क्लिक करें- सामान निकालें और लॉकर बंद करें।
भुगतान Google Pay, Paytm, PhonePe और अन्य उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से किया जा सकता है।


