क्षतिग्रस्त सड़कों की जल सारथी एप पर करें शिकायत
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की शिकायत अब जल सारथी मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल रूप में की जाएगी। एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। उपयोगकर्ता फोटो, वीडियो और टेक्स्ट के जरिए शिकायतें दर्ज कर सकते हैं, जिससे संबंधित स्थलों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।

खानपुर, हिन्दुस्तान संवाद। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की शिकायत अब डिजिटल माध्यम से की जा सकेगी। उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण और राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की ओर से विकसित जल सारथी मोबाइल एप पर ग्रामीण खराब सड़क की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग की ओर से सड़क पुनर्स्थापन के लिए एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। एप पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित स्थानों की जानकारी जुटाकर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। शिकायत दर्ज करने के लिए नाम, पता और मोबाइल नंबर के साथ क्षतिग्रस्त सड़क का विवरण देना होगा।
मौके की फोटो और अधिकतम 20 सेकेंड का वीडियो भी अपलोड किया जा सकेगा। टेक्स्ट के साथ वॉइस के माध्यम से शिकायत दर्ज करने तथा उसकी प्रगति देखने की सुविधा भी उपलब्ध है। एप पर पाइपलाइन लीकेज, पानी की गुणवत्ता, अनियमित जलापूर्ति और नल कनेक्शन से जुड़ी समस्याएं भी दर्ज की जा सकती हैं।


