डीआईजी ने पांचालघाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था परखी
फर्रुखाबाद में, डीआईजी यमुना प्रसाद ने सोमवार को पांचालघाट पहुंचकर गंगा में डूबे चार लोगों की तलाश की जानकारी ली। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।

फर्रुखाबाद। डीआईजी यमुना प्रसाद ने सोमवार को पांचालघाट पहुंचकर गंगा में डूबे चार लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी ली। कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए। डीआईजी ने पांचालघाट गंगा घाट और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी, एनडीआरएफ की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को गहरे पानी की ओर जाने से रोका जाए ।
उन्होंने गंगा में डूबे लोगों की तलाश के लिए किए गए इंतजामों का भी जायजा लिया। डीआईजी ने पांचालघाट पुल पर पैदल गश्त भी की। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली । उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान घाटों और रास्तों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही न हो। घाटों पर तैनात पुलिस कर्मी लगातार निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


