धनबाद में अगले पांच दिन तक बारिश के आसार
धनबाद में शनिवार को बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह से तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव हो गया। राहगीरों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बारिश का दौर 4 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान लगाया है।

धनबाद, संवाददाता। धनबाद में शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। सुबह से शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। सरायढेला, पुलिस लाइन, धैया, आठ लेन सड़क समेत अन्य इलाकों में बारिश के बाद सड़कों पर पानी जमा हो गया। जलजमाव के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार करीब 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के के अनुसार जिले में 4 सितंबर तक भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार धनबाद में 1 जून से 29 अगस्त तक 734.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 810.4 मिमी होनी चाहिए थी। यानी जिले में अब तक सामान्य से करीब 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है।


