आंगनबाड़ी कर्मियों ने न्यूनतम मजदूरी की मांग उठाई
धनबाद में आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मियों ने न्यूनतम मजदूरी 30 हजार रुपए करने और सभी स्कीम वर्कर को मजदूर की श्रेणी में लाने की मांग की। धरना प्रधानमंत्री और श्रम मंत्री को ज्ञापन सौंपने के साथ समाप्त हुआ।

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। रणधीर वर्मा चौक पर धनबाद भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध संस्था आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
आंदोलन की मांगें
आंगनबाड़ी कर्मियों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि देश में न्यूनतम मजदूरी 30 हजार रुपए की जाए। सभी स्कीम वर्कर को मजदूर की श्रेणी में लाने की भी मांग की गई। धरना के बाद प्रधानमंत्री, श्रम मंत्री व वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। धरना में धनबाद की सभी ईकाइयों के सैकड़ों की संख्या में प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष अशोक राय और संचालन जिला सह मंत्री नवनीत सिंह ने किया। प्रमुख मांगों में न्यूनतम पेंशन एक हजार से बढ़ाकर 7,500 प्रति माह करने, आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने, ईपीएफ, ईसीआईसी और बोनस की गणना के लिए कवरेज की अधिकतम सीमा (सीलिंग लिमिट) दोगुना करने, पुरानी पेंशन योजना फिर से (बहाल) लागू करने समेत अन्य शामिल हैं। मौके पर अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की पुष्पा देवी, रीता सिंह, शालिनी कुमारी, रूबी जोशी, प्रदेश से रमेश कुमार चौबे, ओम कुमार सिंह, खेतीहर मजदूर संघ से शिव प्रसाद वर्मा, भारतीय डाक कर्मचारी संघ से अशोक राय, प्रभात रंजन, वरिष्ठ नागरिक परिसंघ से सूर्यनाथ सिंह के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


