डीजीसीए ने विशेष मॉडल के पावर बैंक पर प्रतिबंध लगाया
डीजीसीए ने मोबिकिन्स एमके-पीबी-04 पावर बैंक को भारत से आने-जाने वाली और देश के भीतर संचालित सभी उड़ानों में ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। यह फैसला इंडिगो की चंडीगढ़-चेन्नई उड़ान में पावर बैंक में आग लगने के बाद लिया गया। प्रतिबंध चेक-इन और केबिन सामान दोनों पर लागू है। हैदराबाद से श्रीनगर जा रहा एक अन्य इंडिगो विमान भी यात्री के सामान में पावर बैंक की सूचना के बाद पार्किंग बे लौटा।

नई दिल्ली, एजेंसी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने हाल ही में आग लगने की घटना के बाद मोबिकिन्स एमके-पीबी-04 पावर बैंक को भारत से आने-जाने वाली और देश के भीतर संचालित होने वाली सभी उड़ानों में ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम 11 अक्तूबर को चंडीगढ़ से चेन्नई जा रही इंडिगो की उड़ान में ओवरहेड बिन में रखे पावर बैंक में आग लगने के बाद उठाया गया है। इस घटना के कारण विमान का मार्ग बदलकर उसे हैदराबाद ले जाना पड़ा था, जहां यात्रियों को आपात स्थिति में विमान से बाहर निकाला गया था। यह प्रतिबंध चेक-इन सामान और केबिन में ले जाए जाने वाले सामान, दोनों पर लागू होगा। डीजीसीए ने एयरलाइंस को संबंधित पावर बैंक की पहचान करने और उसे विमान में ले जाने से रोकने के लिए उचित कदम उठाने की सलाह भी दी है। एयरलाइंस से यात्रियों को उपयुक्त माध्यमों से इस सुरक्षा संबंधी परामर्श की जानकारी देने को कहा गया है।
पावर बैंक में आग के बाद डीजीसीए का प्रतिबंध
----------------
सामान में पावर बैंक मिलने पर पार्किंग बे में लौटा विमान
हैदराबाद, एजेंसी। हैदराबाद से श्रीनगर जा रहा इंडिगो का एक विमान मंगलवार को उड़ान भरने से पहले राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्किंग बे में लौट आया। सूत्रों के अनुसार, विमान में एक यात्री के चेक-इन सामान में पावर बैंक होने की सूचना मिली थी।


