Purnia News: सावन की तीसरी सोमवारी पर वरुणेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

Purnia News: पूर्णिया प्रमंडल के वरुणेश्वर धाम में श्रावणी मेला की तीसरी सोमवारी को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाएं की गईं, लेकिन पुलिस बल की कमी दिखाई दी। बनमनखी के धीमेश्वर धाम में भी एक लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।

Purnia News: सावन की तीसरी सोमवारी पर वरुणेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

Purnia News: भवानीपुर, एक संवाददाता। पूर्णिया प्रमंडल के बाबाधाम के नाम से प्रसिद्ध ऐतिहासिक वरुणेश्वर धाम में श्रावणी मेला की तीसरी सोमवारी को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह करीब चार बजे से ही बाबा वरुणेश्वरनाथ को जलार्पण और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। तीसरी सोमवारी के साथ नागपंचमी का संयोग होने के कारण मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मंदिर जाने वाले विभिन्न मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जिला प्रशासन की ओर से तीसरी सोमवारी को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर भी बड़ी संख्या में लोग वरुणेश्वर धाम पहुंचे। इससे मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ और बढ़ गई। हालांकि भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से बेरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी, जिसके माध्यम से श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश कर रहे थे। गर्भगृह में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर समिति के स्वयंसेवक तैनात रहे.

....सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल :

श्रावणी मेला में उमड़ी भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठे। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या के अनुपात में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं होने के कारण कई बार भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी देखी गई। हालांकि धमदाहा अनुमंडल प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र के आठ प्रमुख प्वाइंटों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐतिहासिक वरुणेश्वर धाम में सावन की सोमवारी को हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की जरूरत है.

....अतिरिक्त पुलिस बल की मांग :

धमदाहा एसडीएम अनुपम ने बताया कि तीसरी सोमवारी को श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय थानाध्यक्ष से भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध होते ही उसे मेला क्षेत्र में तैनात किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह सजग है। मेला क्षेत्र में भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.

..................................

धीमेश्वर धाम में आस्था का सैलाब, तीसरी सोमवारी पर एक लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

बनमनखी, संवाद सूत्र।

राजकीय श्रावणी महोत्सव के दौरान सावन की तीसरी सोमवारी पर मिनी बाबा धाम के नाम से प्रसिद्ध बनमनखी के धीमेश्वर धाम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कड़ी प्रशासनिक व्यवस्था के बीच करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा उग्रेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक किया। सोमवार की आधी रात के बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंदिर परिसर के बाहर करीब एक किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर के बाहर अर्घा के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था की गई थी। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में अलग-अलग बैरिकेडिंग की गई थी। मंदिर जाने वाली सड़कों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए जगह-जगह ड्रॉप गेट बनाए गए थे। यहां तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से जलाभिषेक कराने में जुटे रहे.

....पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती:

मेला परिसर में पुलिस पदाधिकारी और जवान पैदल गश्त करते नजर आए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस पदाधिकारी और जवानों की भी तैनाती की गई थी। राजकीय श्रावणी महोत्सव में उमड़ी भीड़ को देखते हुए बनमनखी एसडीओ प्रमोद कुमार और एसडीपीओ शैलेश प्रीतम लगातार मेला परिसर एवं मंदिर क्षेत्र का जायजा लेते रहे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेला परिसर में अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और रैपिड एक्शन फोर्स की टीम के साथ पुलिस बल को भी तैनात किया गया था। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण देर शाम तक श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से बाबा का जलाभिषेक करते रहे.

...मनिहारी से जल लेकर पहुंचते हैं श्रद्धालु:

पूरे सावन महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटिहार जिले के मनिहारी स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल लेकर पैदल और वाहनों से बनमनखी पहुंचते हैं। इसके बाद धीमेश्वर धाम में बाबा उग्रेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक करते हैं। श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और मंदिर की प्रसिद्धि को देखते हुए बिहार सरकार की ओर से प्रत्येक वर्ष यहां सरकारी स्तर पर राजकीय श्रावणी महोत्सव का आयोजन किया जाता है.

............................

तीसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा मीरगंज

मीरगंज, एक संवाददाता।

सावन के तीसरे सोमवार को मीरगंज क्षेत्र पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ ही मीरगंज बाजार समेत क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में भक्तों की कतार लगी रही। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का माहौल भक्तिमय बना रहा। मीरगंज बाजार, बरहकोना, सुंदर धर्मपुर चिकनी, रंगपुरा, दमेली और चंदवा समेत आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधिवत पूजन किया। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, फूल और धतूरा अर्पित कर जलाभिषेक किया। महिलाओं और युवाओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। सावन सोमवार को लेकर मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई मंदिरों में भक्तों की सुविधा के लिए स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों और स्थानीय लोगों ने व्यवस्था संभाली। सुबह से शाम तक मंदिरों में भक्तों की आवाजाही बनी रही। पूरा मीरगंज क्षेत्र शिवभक्ति, जयकारों और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया.

..........................

तीन घंटे में 60 किमी दौड़कर किया जलाभिषेक

रानीपतरा, संवाद सूत्र।

सावन की तीसरी सोमवारी पर रानीपतरा फिजिकल एकेडमी के करीब 101 छात्र-छात्राओं ने डाक बम के रूप में मनिहारी गंगा घाट से पवित्र गंगाजल उठाया। इसके बाद सभी डाक बम करीब 60 किलोमीटर की दूरी लगभग तीन घंटे में दौड़कर रानीपतरा पैकागोला स्थित महादेव मंदिर और चांदीकठुआ स्थित राम ठाकुर मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। एकेडमी के ट्रेनर शिवजी कुमार ने बताया कि बच्चों ने धार्मिक आस्था के साथ पूरे अनुशासन और उत्साह से कठिन यात्रा पूरी की। इस दौरान बच्चों की करीब 60 किलोमीटर की रनिंग ट्रेनिंग भी पूरी हुई। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से बच्चों की शारीरिक क्षमता के साथ उनका मनोबल भी बढ़ा है। मुखिया प्रतिनिधि पिंटू वर्मा और सरपंच प्रतिनिधि बलवीर प्रसाद साह ने कहा किभक्ति और खेल प्रशिक्षण का यह संगम अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। मौके पर बीरेंद्र सिंह, रमन सिंह, महेश साह, मनोज कुमार मोनू, राणा कुमार दास, राजेश कुमार, रामनंदन कुमार, बंटी कुमार, आत्मानंद सिंह, मोदी पोद्दार, बसंत सिंह, रामनाथ पंडित सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया.

...........................

सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कसबा, एक संवाददाता।

सावन की तीसरी सोमवारी पर कसबा प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की कामना की। कसबा नगर के कोसी कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मंदिर के पुजारी अशोक कुमार झा के सान्निध्य में भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग का दूध और गंगाजल से अभिषेक किया गया। इसके बाद शिवलिंग का भव्य शृंगार किया गया और विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गई। मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा एवं आरती होती है, लेकिन सावन महीने में यहां विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। प्रत्येक सोमवार को जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं आर्य नगर हाट स्थित बाबा केदारनाथ आकृति शिवलिंग और राणीसती मंदिर परिसर स्थित पंचमुखी महादेव के शिवलिंग पर भी सुबह से श्रद्धालुओं के जल चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर तक जारी रहा। प्रखंड के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही.

................................

सावन की तीसरी सोमवारी पर जागरण में झूमे सैकड़ों श्रद्धालु

बैसा, एक संवाददाता।

सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर प्रखंड के बैसा घाट स्थित मां गंगा मंदिर परिसर में बैसा युवा समिति के सहयोग से भक्तिमय जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीमांचल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने भगवान भोलेनाथ और मां जगदंबा से जुड़े भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश स्तुति से हुई। इसके बाद कलाकारों ने करीब पांच घंटे तक दर्जनभर से अधिक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि सावन की सोमवारी के दिन बैसा घाट से होकर गुजरने वाली कनकई नदी उत्तरवाहिनी रहती है। श्रद्धालु इसे मां गंगा का स्वरूप मानते हैं। सोमवारी पर सैकड़ों शिवभक्त यहां आस्था की डुबकी लगाकर विधि-विधान से जल भरते हैं और अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। कार्यक्रम के आयोजन में पंचायत मुखिया प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन, संतोष कुमार ठाकुर, अरविंद, सत्यनारायण महलदार, चमन लाल महलदार, शंकर महलदार, राजू, चंदन महलदार, राकेश, राजा, भोला कुमार साह, चंद्रदेव साह, चंदन ठाकुर, छुंगरी महलदार, बैजू महलदार, महेंद्र महलदार, मंतोष ठाकुर, प्रदुम कुमार साह सहित अन्य सदस्यों की भूमिका रही.

...........................

सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़

बैसा-अमौर, एक प्रतिनिधि।

सावन की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी का पर्व एक साथ होने के कारण सोमवार को क्षेत्र के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दोनों पर्व एक साथ होने से मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दूध, भांग, धतूरा, बेलपत्र और गंगाजल से अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। रौटा स्थित सार्वजनिक शिव मंदिर, गौरीशंकर मंदिर, अमौर स्थित तीर्थेश्वर नाथ शिव मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कई मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे.

..........................

तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

हरदा, एक संवाददाता।

सावन की तीसरी सोमवारी पर हरदा क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मिल्की मरंगा स्थित सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर सहित कामाख्या स्थान, गोआसी, मजरा, हरदा, कबैया आदि पंचायतों के शिवालयों में दर्जनों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं माता पार्वती का गंगाजल, दूध, फूल और बेलपत्र से जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने काढ़ागोला गंगा घाट से गंगाजल भरकर शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। हरदा क्षेत्र में चारों ओर बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। सावन की सोमवारी को लेकर क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कई मंदिरों में शिव संकीर्तन और शिव चर्चा का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर के आसपास मिष्ठान, खिलौने और अन्य सामान की दुकानें भी लगीं, जहां बच्चों और श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। पूजा-अर्चना को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा.

सामान्य प्रश्न

✦श्रावणी मेला में कितने श्रद्धालु पहुंचे?−
तीसरी सोमवारी पर वरुणेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी थी और बनमनखी के धीमेश्वर धाम में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsपूर्णियाPurnia News: सावन की तीसरी सोमवारी पर वरुणेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब