तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी आस्था, हर-हर महादेव के उदघोष से गूंजा परिसर
दोमुहानी शिव मंदिर बैकुंठधाम पूतो में सावन की तीसरी सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़)

झुमरी तिलैया निज प्रतिनिधि। सावन की तीसरी सोमवारी पर जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से हीं मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। आज चूंकि नागपंचमी होने के कारण भी मंदिरों में लोगों विशेष भीड़ देखने को मिली। हर-हर महादेव के उदघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, फूल-दूध व गंगाजल अर्पित किया। महिलाओं व युवतियों ने भी बड़ी संख्या में सोमवारी व्रत रखकर भगवान भोले से परिवार की सुख-समुद्धि की कामना की। सावन को लेकर शिव मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया व श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों तक विशेष चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं का कहना है कि की सोमवारी भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष मानी जाती है। इस दिन व्रत व पूजा करने से मन को शांति व भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है।
दोमुहानी शिव मंदिर बैकुंठधाम में हजारों लोगों ने किया जलाभिषेक
चंदवारा। चंदवारा प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दोमुहानी शिव मंदिर पूतो में सावन के तीसरी सोमवारी पर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोले का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। सुबह 5 बजे से हीं मंदिर परिसर में जलाभिषेक के लोगों की उमड़ने लगी, जो देर शाम तक जारी रहा। वहीं पूरे सावन माह तक मंदिर परिसर में चल रहे अखंड हरि-कीर्तन में भी विभिन्न गांवों की भजन मंडली शामिल होकर सावन माह को और खास बना रहे हैं। इसके अलावे प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में भी जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई।


