तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु
पीरपैंती में सावन महीने की तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शिवालयों में उमड़ी। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ पर जलार्पण किया। मनोकामनानाथ मंदिर और अन्य स्थलों पर भीड़ देखी गई। बाबा बटेश्वर से कांवरिये भी पहुंचे। शाम की आरती में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

पीरपैंती, निज प्रतिनिधि। सावन महीने की तीसरी सोमवारी को लेकर प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही पुरुष एवं महिला श्रद्धालु काफी संख्या में शिवालय पहुंचने लगे। कतार में खड़े होकर सभी ने बारी-बारी से भोलेनाथ पर जलार्पण किया। इस दौरान सर्वाधिक भीड़ मनोकामनानाथ मंदिर में उमड़ी। आपरूपी महादेव मंदिर शंकरगली, प्यालापुर में भी खचाखच भीड़ दिखी। यहां मेला भी लगाया गया है।इस दौरान बारिश ने श्रद्धलुओं की परेशानी बढ़ा दी। श्रद्धालु शंकरगली मंदिर परिसर सहित विभिन्न दुकानों में भींगने से बचने के लिए खड़े रहे। बारिश थमने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
इसके अलावा बाराहाट, ईशीपुर, टड़वा, शाहाबाद, पत्थरखान महादेव टीकर, साठो शिवालय आदि में भी श्रद्धालु पहुंचे व भोलेनाथ का पूजन किया। बाबा बटेश्वर स्थान से कांवरिये पैदल पीरपैंती पहुंचे। विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। संध्या आरती में भी श्रद्धालुओं की भारी उमड़ी।


