कांवड़ : नौकरी लगने के बाद पहली बार कांवड़ उठाई
- दिल्ली निवासी 22 वर्षीय सोनू हरिद्वार से जल लेकर जा रहे - भगवान में

- मेरठ रोड से पैदल से लेकर बाइक व गाड़ियों से निकल रहे शिवभक्त
सोनू की कहानी
गाजियाबाद, अमन वत्स। भगवान भोलेनाथ में आस्था और जीवन में मिली नई शुरुआत की खुशी ने दिल्ली निवासी 22 वर्षीय सोनू को पहली बार कांवड़ उठाने के लिए प्रेरित किया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर वह पैदल अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। मेरठ रोड से गुजरते समय उनके चेहरे पर थकान से ज्यादा उत्साह और मन में भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा नजर आ रही।
कांवड़ यात्रा का महत्व
उत्तम नगर निवासी सोनू ने बताया कि भगवान शिव में उनकी लंबे समय से आस्था है। इस बार उनकी दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी लगी है। जीवन में रोजगार मिलने के बाद उन्होंने पहली बार कांवड़ यात्रा करने का संकल्प लिया। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए वह हरिद्वार पहुंचे और गंगाजल लेकर पैदल यात्रा शुरू की। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा उनके लिए केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम भी है। इसके अलावा उनके माता-पिता सुखी रहे यह भी उन्होंने कामना की। वहीं, सावन के इस पवित्र माह में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे सोनू जैसे हजारों शिवभक्त इन दिनों मेरठ रोड से गुजर रहे हैं। कोई पैदल कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है तो कोई बाइक और अन्य वाहनों के माध्यम से यात्रा कर रहा है। सड़क पर जगह-जगह कांवड़ियों की लंबी कतार और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। युवा कांवड़ियों की संख्या भी इस बार काफी दिखाई दे रही है। हाथों में सजी कांवड़ और कंधे पर गंगाजल लेकर युवा पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इनमें कई ऐसे शिवभक्त भी हैं, जो पहली बार कांवड़ यात्रा कर रहे हैं।

