बाबानगरी में 10 दिन बाद शुरु होगा राजकीय श्रावणी मेला 2026
देवघर में 2026 के राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियाँ युद्ध स्तर पर जारी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड और अन्य साज-सज्जा का कार्य चल रहा है। उपायुक्त सौरभ कुमार ने 25 जुलाई तक सभी तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आधुनिक तकनीक के साथ मेला क्षेत्र को सजाने की योजना है।

देवघर। द्वादश ज्योतर्लिंग में से सर्वश्रेष्ठ मनोकामना लिंग बाबा वैद्यनाथ की नगरी देवघर में 10 दिन बाद विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की शुरुआत होगी। श्रावणी मेला के दौरान बाबाधाम आने वाले देवतुल्य कांवरियों को सुविधा प्रदान करने के लिए युद्ध स्तर पर सारी तैयारी की जा रही है। वहीं कांवरिया रुट लाईन में कांवरियों को सुविधा प्रदान करने के लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में पंडित शिवराम झा चौक से नेहरु पार्क तक एवं शिवराम झा चौक से जलसार चिल्ड्रेन पार्क तक शेड का निर्माण कार्य कर लिया गया है। साथ ही अन्य स्थानों पर भी तेज गति से सारी तैयारियां की जा रही है। इसके साथ ही बाबानगरी को सुंदर बनाने के लिए शहर स्थित मुख्य सड़क के डिवाईडर पर स्पाइरल लाईट लगाया जा रहा है और कई स्थानों पर तोरण द्वार भी लगाया गया है। ताकि श्रावणी मेला के दौरान बाबाधाम आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को बाबानगरी में सुखद अनुभूति का अहसास हो सके。
राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियों से संबंधित सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से 25 जुलाई तक पूर्ण करने का निर्देश :-
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार श्रावणी मेला 2026 से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों को आगामी 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई है। इसे लेकर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों व कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया है कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के लिए अपने-अपने विभागों द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं को और भी बेहतर बनाने का हर संभव प्रयास करें। ताकि श्रावणी मेला में बाबाधाम आने वाले देवतुल्य श्रद्धालु बाबा नगरी से एक अच्छी अनुभूति लेकर अपने गंतव्य स्थान की ओर प्रस्थान करें।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ करने के साथ हाईटेक होगा आईएमसीआर :-
उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर संपूर्ण मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों के जाल से कवर करने और उनकी चौबीसों घंटे लाइव निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम को पूरी तरह से सुव्यवस्थित और आधुनिक तकनीक से लैस करने का निर्देश दिया है। डीसी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तकनीक के माध्यम से भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और यातायात व्यवस्था को पल-पल मॉनिटर किया जाएगा, ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो।
मेला क्षेत्र में होगी आधुनिक लाइटिंग और आकर्षक साज-सज्जा, विद्युत सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान :-
उपायुक्त ने राजकीय श्रावणी मेला को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में बेहतर साज-सज्जा और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था को बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि संपूर्ण मेला क्षेत्र रोशनी से सराबोर रहे, ताकि रात के समय भी श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं हो। इसके साथ ही बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने विद्युत से जुड़े सभी कार्यों पर विशेष ध्यान देने और अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सख्त हिदायत दी है। बिजली के खुले तारों को दुरुस्त करने, ट्रांसफार्मर की सुरक्षा बढ़ाने और अर्थिंग आदि की पुख्ता जांच करने को कहा गया है। ताकि शॉर्ट सर्किट या करंट लगने जैसी किसी भी अप्रिय घटना से पूरी तरह बचा जा सके।


