देवेंद्र नाथ महतो आज चतरा में, चतरा में करेंगे रोड शो, छात्रों को करेंगे संबोधित
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्र नाथ महतो 25 अगस्त को चतरा पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। महतो युवा और छात्रों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने की अपील करेंगे।

चतरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्र नाथ महतो 25 अगस्त को चतरा पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बाबत सदर एसडीओ को पत्र प्रेषित कर सभा आयोजित करने की अनुमति देने के साथ सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गयी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार देवेंद्र नाथ महतो मंगलवार को सुबह 11:30 बजे के आस-पास वे चतरा पहुंचेंगे। उन्हें पार्टी के छात्र कार्यकर्ता कुल्लु मोड़ के पास बाईक रैली से स्वागत कर चतरा कॉलेज के समीप लायेंगे। संभवत: कॉलेज के समीप मैदान में सभा भी करेंगे। उसके बाद छात्रों के साथ रोड शो करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वे युवाओं और छात्रों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए संघर्ष करने का आह्वान करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, महतो अपने संबोधन में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पैसे लेकर नौकरी देने जैसे मामलों के खिलाफ छात्रों को आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही युवाओं से ऐसे मामलों के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने की अपील की जाएगी। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। कार्यक्रम को लेकर जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

