राहुल भारत में कट्टर वामपंथी सोच बनाने की कोशिश कर रहे : फडणवीस
क्रॉसर कहा-संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की हो रही साजिश कांग्रेस को आत्ममंथन करने की

नागपुर, एजेंसी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि राहुल गांधी भारत में कट्टर वामपंथी सोच बनाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही संविधान द्वारा बनाई गई हर संस्था को कमजोर करने की गहरी साजिश चल रही है। नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान फडणवीस ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने के लिए कांग्रेस नेताओं की आलोचना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उस तरीके की निंदा करते हैं, जिसमें कांग्रेस और उसके इंडिया गठबंधन के सहयोगी संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं। कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है। उसने संविधान का नाम लेकर देश में अराजकता फैलाने की नई नीति अपनाई है।
संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप
फडणवीस ने कहा कि चाहे चुनाव आयोग हो, सुप्रीम कोर्ट हो, कैग हो या आरबीआई, वे संविधान द्वारा बनाई गई हर संस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि इंडिया गठबंधन को संविधान या लोकतंत्र में कोई भरोसा नहीं है। सुप्रीम कोर्ट तक इंडिया गठबंधन के मार्च पर सवाल उठाते हुए फडणवीस ने पूछा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश को बाहर आकर मार्च में शामिल लोगों से क्यों मिलना चाहिए। अगर कोई जज या मुख्य न्यायाधीश किसी लंबित मामले पर चर्चा करने के लिए कोर्ट से बाहर आते हैं, तो यह संविधान का उल्लंघन होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और उनके समर्थक देश के लोकतंत्र को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। फडणवीस ने याद दिलाया कि इंदिरा गांधी ने 1975 में इमरजेंसी लगाई थी और संविधान में संशोधन किया था, ताकि मौलिक अधिकारों से जुड़े मामलों को कोर्ट में न ले जाया जा सके। लोग मौलिक अधिकारों के लिए हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट नहीं जा सकते थे। उस समय पूरे विपक्ष ने संघर्ष किया और डॉ. आंबेडकर के संविधान को बहाल किया।
विरोध-प्रदर्शनों में विदेशी ताकतों की आशंका
‘विदेशी ताकतें भी हो सकती हैं शामिल’
जब उनसे पूछा गया कि क्या हालिया विरोध-प्रदर्शनों के पीछे विदेशी ताकतें हो सकती हैं, तो फडणवीस ने कहा कि विदेशी प्लेटफॉर्म एक खास एल्गोरिदम का पालन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब उन सभी प्लेटफॉर्म्स को संसदीय समिति के सामने बुलाया गया, तो उन्होंने माना कि पोस्ट किए जा रहे कई संदेशों को पैसे के दम पर बढ़ावा (बूस्ट) दिया गया था। विदेशी प्लेटफॉर्म ने संसदीय समिति के सामने स्वीकार किया कि उस पैसे का स्रोत अज्ञात था। फडणवीस ने दावा किया कि उन्होंने कहा कि यह पैसा विदेश से आया हो सकता है।
न्यायिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप
न्यायिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप
फडणवीस ने आरोप लगाया कि जब सीजेआई सूर्यकांत ने मिलने से इनकार किया, तो इंडिया गठबंधन के नेताओं ने अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेता भारत की संस्थाओं, खासकर न्यायिक संस्थाओं को बदनाम करना चाहते हैं और उनमें लोगों का भरोसा कम करने की साजिश रच रहे हैं।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप
कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को धमकाया : भाजपा
महाराष्ट्र भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस नेतृत्व पर आरोप लगाया कि उन्होंने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी पक्की करने के लिए उन्हें धमकाया। कांग्रेस ने इस आरोप को सत्ताधारी दल की सत्ता खोने की घबराहट का संकेत बताते हुए खारिज कर दिया। महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस के प्रभारी अजय चिकारा की एक कथित ऑडियो क्लिप जारी करते हुए प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बान ने आरोप लगाया कि पदाधिकारियों को चेतावनी दी गई थी कि अगर वे सोमवार तक राष्ट्रीय राजधानी नहीं पहुंचे तो वे अपने पद और चुनाव टिकट खो देंगे।

