मनोकामना और हंसतीर्थ के विकास कार्यों का एसडीएम ने लिया जायजा
संभल शहर के मनोकामना और हंसतीर्थ धार्मिक स्थलों का पर्यटन विकास किया जा रहा है। प्रशासन के द्वारा 2.2 करोड़ रुपये की लागत से मनोकामना तीर्थ में सुविधाएं और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। हंसतीर्थ पर भी 80 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य जारी हैं। श्रद्धालुओं को सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से इन कार्यों को तेज किया जा रहा है।

संभल शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों मनोकामना और हंसतीर्थ को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की कवायद चल रही है। पर्यटन विभाग की ओर से दोनों तीर्थस्थलों पर सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। बुधवार को एसडीएम विकासचंद्र ने दोनों तीर्थों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मनोकामना तीर्थ के विकास के लिए करीब 2.2 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जा रहे हैं। परियोजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए विश्राम गृह, शौचालय, प्रवेश द्वार समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
इन कार्यों के पूरा होने के बाद तीर्थ पर आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। हंसतीर्थ पर भी करीब 80 लाख रुपये की लागत से शौचालय समेत अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मौके पर कार्यों की स्थिति देखी और संबंधितों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने पर जोर दिया। एसडीएम विकासचंद्र ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधाओं का लाभ मिल सके। तीर्थस्थलों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं में विस्तार से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


