भागलपुर और सुल्तानगंज में गंगा स्थिर, कहलगांव में बढ़ रही
फोटो : कहलगांव में उच्चतम जलस्तर के रिकार्ड से मात्र 08 सेमी नीचे बीते 24

भागलपुर, हिन्दुस्तान टीम। भागलपुर में आयी प्रलयंकारी बाढ़ से राहत बुधवार से मिलने की उम्मीद है। मंगलवार दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक भागलपुर और सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर स्थिर पाया गया। जबकि कहलगांव में गंगा बढ़ रही है। खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा कहलगांव में उच्चतम जलस्तर (एचएफएल) के रिकार्ड 32.87 मीटर से महज 08 सेमी नीचे बह रही है। मंगलवार शाम 6 बजे तक भागलपुर में 34.60 मीटर और कहलगांव में 32.77 मीटर के जलस्तर पर गंगा बह रही थी। सुल्तानगंज में गंगा का उच्चतम जलस्तर 36.81 मीटर रिकार्ड किया गया। भागलपुर में एचएफएल से 26 सेमी नीचे गंगा बह रही है। ऐसे में 18 अगस्त 2021 को बने रिकार्ड 34.86 मीटर का टूटना असंभव प्रतीत हो रहा है।
जलस्तर की स्थिति
इधर, शहरी क्षेत्र में दोपहर तक पानी बढ़ता रहा। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में भागलपुर और कहलगांव में 8-8 सेमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शहर में गंगा से सटे मोहल्ले मानिक सरकार घाट रोड, सखीचंद घाट रोड, आदमपुर बैंक कॉलोनी, कोयला घाट रोड, किलाघाट, नया बाजार आदि की सड़कों पर पानी बढ़ गया है। उधर, यूनिवर्सिटी रोड में नरगा के पास पानी सड़क के आरपार होने लगा है। जिससे वहां के लोगों में संभावित खतरे का डर समा गया है।
स्थानिक समस्याएँ
आदमपुर बैंक कॉलोनी में संकरी सड़क पर नाव नहीं चलने से लोगों को जुगाड़ टेक्नोलॉजी अपनानी पड़ रही है। वाटर टब को नाव के रूप में प्रयोग कर बाजार-हाट किया जा रहा है। सबसे अधिक दिक्कत पानी की हो गई है। एक बार चार पांच डिब्बा बंद पानी का गैलन लाकर लोग रख रहे हैं। लोगों की दिक्कत दूध सब्जी को लेकर हो गई है। दूध वालों ने मोहल्ला आना छोड़ दिया है। निचले हिस्से में लोग बेंच लगाकर बाहर आ रहे हैं। मोहल्ले के रहने वाले सच्चिदानंद झा ने बताया कि अच्छी बात यह है कि बिजली इन मोहल्ले में अब तक दी जा रही है। जिससे थोड़ी राहत है। पानी के चलते कई घरों से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। एक दो दिन बाद जब पानी उतरने लगेगा तब सड़ांध से मुश्किलें बढ़ जाएंगी।
सड़क और यातायात की स्थिति
उधर, भवनाथपुर में एनएच 80 पर पानी तीन फीट तक पहुंच गया है। यहां यातायात पर रोक लगा दी गई है। लेकिन मकंदपुर जाने वाली सड़क पर अधिक पानी होने से ट्रैक्टर से लोग आर-पार हुए। मुंगेर-मिर्जापुर फोरलेन पर पानी चढ़ गया है। बावजूद ट्रकों का परिचालन जारी है। प्रशासन ने शहरी क्षेत्र में मवेशियों के साथ आए बाढ़ पीड़ितों के लिए शिविर में भोजन से लेकर चिकित्सा की व्यवस्था की है। एडीएम (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार ने बताया कि 24 घंटे बाद पानी उतरने का पूर्वानुमान है। पानी उतरने के बाद निगम द्वारा सफाई, चूना, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा।
दुर्घटना की जानकारी
स्नान करने के दौरान हुआ हादसा
सुल्तानगंज में बाढ़ के पानी में डूबने से एक 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। उसकी पहचान बाथ थाना क्षेत्र की खानपुर पंचायत अंतर्गत दौलतपुर गांव के वार्ड 5 के वार्ड सदस्य बिपिन कुमार सिंह के एकलौते पुत्र रौनक कुमार राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कामधेनु मंदिर के पास बाढ़ के पानी में स्नान के दौरान डूबने से उसकी मौत हो गई।


