संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करेंगे लेखपाल
लेखपाल 3 अक्टूबर को संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करेंगे। उनके द्वारा आंदोलन की रणनीति बनाई गई है। 8 अक्टूबर से वे विभिन्न प्रमाण पत्रों के कार्यों का बहिष्कार करेंगे। प्रमुख मांगे 10 वर्षो से ग्रेड पे, स्थानांतरण, और पदोन्नति सूची जारी करने से संबंधित हैं।

देवरिया, निज संवाददाता लेखपाल 3 अक्तूबर को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करेंगे। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने एक महीने तक आंदोलन करने की रणनीति बनायी है। लेखपाल आठ अक्टूबर से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, फार्मर रजिस्ट्री बनाने व वरासत आदि कार्यो का बहिष्कार करेंगे। शासन द्वारा मांगों की अनदेखी पर लेखपाल आंदोलनरत हुए हैं। वह पहले ही अतिरिक्त क्षेत्र का बस्ता जमा कर चुके हैं। वहीं लेखपालों के आंदोलन का कानूनगो संवर्ग ने भी समर्थन देने का निर्णय लिया है。
आंदोलन का प्रारंभ
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीलेश रंजन राव परमार व महामंत्री राहुल पटेल के निर्देश पर जिले के लेखपालों ने 22 सितंबर से ही आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन के पहले चरण में सभी तहसीलों के लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्र का बस्ता कानूनगों कार्यालय में जमा कर दिया है। अब 3 अक्तूबर को लेखपाल संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर 10 से 2 बजे तक धरना देंगे। जबकि 8 अक्तूबर को लेखपाल तहसील प्रशासनिक वाट्सएप ग्रुप को छोड़ते हुए आय, जाति, निवास, वरासत व फार्मर रजिस्ट्री कार्यो का बहिष्कार करेंगे।
आंदोलन की गतिविधियाँ
सभी लेखपाल 10 अक्तूबर को थाना दिवस पर काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे तथा 12 अक्तूबर को तहसील व जिला मुख्यालय पर शिविर में रक्तदान करेंगे एवं 14 को जिला मुख्यालय पर दोपहर में बाइक रैली निकालेंगे। 17 अक्तूबर को लेखपाल संपूर्ण कार्य बहिष्कार कर तहसील मुख्यालयों पर तता 24 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर धरना, प्रदर्शन करेंगे। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष भोलेन्द्र कुमार सिंह ने जिले के सभी लेखपालों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
प्रधान मांगें
यह है लेखपालों की प्रमुख मांगे
10 वर्षो से लेखपालों के प्रारंभिक वेतनमान ग्रेडपे तथा वेतन विसंगति को दूर करने, लेखपालों का अंतर मंडलीय स्थानान्तरण करने, दो वर्षो से ठप्प लेखपालों की पदोन्नति सूची जारी करने, 16 वर्ष कार्य करने वालों का भत्ता बढ़ोतरी करना, नव नियुक्त लेखपालों का परीक्षा परिणाम घोषित करने, लेखपालों को पटल सहायक, प्रभारी राजस्व निरीक्षक कार्यो से मुक्त करने आदि की मांग की है।

