जनता की हर शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी : केशव
- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सरकारी आवास पर सुनीं जनता की शिकायतें, समाधान

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर जनता की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को उन पर प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए। केशव ने जनता की समस्या सुनने के साथ ही मौके पर संबंधित विभागीय अधिकारियों, जिला अधिकरियों और पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात की और उन्हें समाधान के निर्देश दिए हैं। कई अधिकारियों को लिखित निर्देश भी जारी किए गए हैं।उप मुख्यमंत्री कार्यायल से मिली जानकारी के मुताबिक जनता दर्शन में सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था, चकमार्गों पर अतिक्रमण, राजस्व भूमि से जुड़े विवाद, विद्युत आपूर्ति, विद्युत भार वृद्धि के लिए नए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना, आवास, चिकित्सा सहायता आदि से संबंधित प्रार्थना पत्र मिले।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। हर मामले का समयबद्ध और पारदर्शी निपटारा किया जाए। जनता दर्शन में लखनऊ मोहनलालगंज निवासी सरोज कुमार ने आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराए जाने व प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। हरदोई निवासी नीरज मौर्य ने अपनी बहन ऊर्षा मौर्य के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/कन्या विवाह सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता मांगी। इस मामले में भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आजमगढ़ के लेडूपार की ग्राम प्रधान विभावती सिंह ने गांव में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर स्थापित कराने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी तरह अन्य अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारी रामपुर, झांसी, कानपुर देहात, प्रयागराज व फिरोजाबाद सहित पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षक कन्नौज, अलीगढ़, सुल्तानपुर व वाराणसी से बात कर संबंधित प्रकरणों का शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।


