विशेष संचारी रोग नियंत्रण को सफल बनाने पर जोर
देवरिया में खंड विकास अधिकारी अविनाश मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में जुलाई महीने के संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर चर्चा हुई। बारिश में डेंगू और मलेरिया बढ़ने से बचाव के लिए गांवों में सफाई, फॉगिंग और जागरूकता पर जोर दिया गया। जुलाई के पूरे महीने विशेष अभियान चलाए जाएंगे, जिसमें स्कूलों और गांवों में जागरूकता रैलियां और गोष्ठियां होंगी।

देवरिया, निज संवाददाता। खंड विकास अधिकारी बैतालपुर अविनाश मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में शनिवार को ब्लाक सभागार में जुलाई माह के विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को ब्लाक स्तरीय बैठक हुई। खंड विकास अधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय से अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व अन्य संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए गांव-गांव सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव व जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए। पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकांत तिवारी ने बताया कि माइक्रोप्लान के अनुसार पशुओं से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम को पशुपालकों को जागरूक करने के साथ ही सुअरबाड़ों के आस पास कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाएगा।
यूनिसेफ प्रतिनिधि विजय श्रीवास्तव ने समुदाय स्तर पर व्यवहार परिवर्तन व स्वच्छता को लेकर रणनीति साझा की, जिसमें 1 से 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलेगा। स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों व गांवों में जागरूकता रैली, गोष्ठी होंगी। जल-जमाव वाले स्थानों पर लार्वा रोधी दवा का छिड़काव होगा। आशा व एएनएम घर-घर जाकर बुखार के मरीजों को चिन्हित करेंगी। बैठक में एडीओ पंचायत चंद्रभूषण मणि त्रिपाठी, प्रदीप कुमार सिंह, अभय मणि, सरिता गुप्ता, श्रीप्रकाश विश्वकर्मा, पंकज, रिंकी तथा अन्य विभागाों के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।


